जादू टोने की आशंका में पड़ोसियों ने दंपति को पीटा, इलाज के दौरान वृद्ध ने तोड़ा दम

Update: 2021-10-01 17:52 GMT

Demo Pic

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। बिलासपुर। बच्चा बीमार होने पर जादू टोने की आशंका पर पड़ोसियों ने वृद्ध और उसकी पत्नी की पिटाई कर दी। घायल वृद्ध की उपचार के दौरान रायपुर के अस्पताल में मौत हो गई। इस बीच आरोपित अपने घर से फरार हो गए। पुलिस की टीम फरार आरोपित की तलाश कर रही है।

घटना मस्तूरी क्षेत्र के पेंड्री गांव की है। पेंड्री में हने वाले खोलूराम रोजी मजदूरी करते थे। देर रात आठ बजे वे परिवार के साथ घर में ही थे। इस दौरान पड़ोस में रहने वाले सोहराब भास्कर के बेटे की तबीयत खराब थी। इस पर विवेक भास्कर वहां आकर जादू टोने की बात कहते हुए खोलूराम और उनकी पत्नी से गाली-गलौज करने लगा।

खोलूराम ने अपनी पत्नी देवकुमारी के साथ बाहर निकलकर विवेक को मना किया। इस पर विवेक के साथ उसका भाई अजय, अप्पू और पिता संतू भी वहां आ गए। साथ ही उनके घर की महिलाएं भी वहां पहुंच गईं। उन्होंने खोलूराम से मारपीट करते हुए डंडे और रॉड से हमला कर दिया।
हमले में घायल खोलूराम वहीं पर गिर गया। इस पर उसकी पत्नी देवकुमारी किसी तरह उसका बचाव करने लगी। युवकों और महिलाओं ने देवकुमारी की भी पिटाई की। मारपीट के बीच आसपास के लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव किया। इसके बाद गंभीर खोलूराम को लेकर अस्पताल पहुंचे।
घायल का शहर के निजी अस्पताल में उपचार चल रहा था। उसकी स्थित बिगड़ने पर डॉक्टरों ने रायपुर रेफर कर दिया। रायपुर में उपचार के दौरान शुक्रवार की सुबह घायल खोलूराम की मौत हो गई। इसकी सूचना पर पुलिस की टीम ने गांव में जाकर घटना के संबंध में जानकारी ली है। इधर पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपित गांव से फरार हो गए। पुलिस की टीम हत्या के आरोपित की तलाश कर रही है।
दूसरे पक्ष ने भी की थाने में शिकायत
देर रात पेंड्री में रहने वाले सिद्धांत भास्कर ने भी मारपीट की शिकायत की है। सिद्धांत ने बताया कि उनके भाई सोहराब की तबीयत खराब थी। इस पर वह परिवार वालों को ठंडा पानी पिलाने की बात को लेकर डांट रहा था। इसी बीच पड़ोस में रहने वाले खोलूराम और उसके परिवार के सदस्यों ने उनके घर आकर मारपीट की। इसमें अजय भास्कर को गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस दूसरे पक्ष की शिकायत पर जुर्म दर्ज कर जांच कर रही है।
पांच दिन तक पुलिस करती रही इंतजार
घटना के बाद दोनों पक्ष की शिकायत पर पुलिस मामूली धाराएं लगाकर खानापूर्ति कर ली। इस बीच घायल की स्थिति बिगड़ गई। शुक्रवार की सुबह घायल की मौत हो गई। इसकी सूचना मिलते ही आरोपित गांव से फरार हो गए। इस बीच पुलिस ने घायल की जानकारी नहीं ली। वहीं, आरोपित से भी पूछताछ नहीं कर सकी।
Tags:    

Similar News

-->