NDPS एक्ट का सजायाफ्ता कैदी फरार, पुलिस ने किया 5 हजार रुपये का इनाम घोषित
छग
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर से एक बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। यहां पुराना जेल मुख्यालय में मरम्मत कार्य के दौरान एनडीपीएस एक्ट के तहत सजायाफ्ता कैदी चंद्रवीर उर्फ पिंटू पुलिस और जेल प्रहरी को चकमा देकर फरार हो गया। फरार होने वाले कैदी पर पहले से ही 15-15 साल का सश्रम कारावास और 3 लाख रुपये का जुर्माना कोर्ट द्वारा लगाया गया था। पुलिस ने आरोपी को पकड़वाने या सूचना देने वालों के लिए 5 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की है।
कौन है फरार कैदी?
फरार कैदी की पहचान चंद्रवीर उर्फ पिंटू (उम्र 32 वर्ष), पिता – दीवान सिंह, निवासी – पटटी चुहरा, सोनई, अलीगढ़ भंदुरी, थाना सोनई, जिला मथुरा (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। वह रायपुर के विशेष न्यायाधीश एनडीपीएस एक्ट न्यायालय में दर्ज प्रकरण क्रमांक 36/2021 में दोषी ठहराया गया था। कोर्ट ने 25 जुलाई 2024 को दिए अपने फैसले में चंद्रवीर उर्फ पिंटू को धारा 20(b)(ii)(C), 29 NDPS Act के तहत दोषी पाया था और क्रमशः 15-15 साल का सश्रम कारावास और 3 लाख रुपये का जुर्माना लगाया था। जुर्माना न देने पर उसे 6 साल अतिरिक्त सजा भुगतनी थी।
जेल से कैसे हुआ फरार?
21 अगस्त 2025 को रायपुर के पुराना जेल मुख्यालय में मरम्मत कार्य चल रहा था। इस काम के लिए जेल से 5 दंडित कैदियों को प्रहरी मनीष राजवाड़े की निगरानी में भेजा गया था। सभी कैदी मजदूरी के तौर पर मरम्मत कार्य कर रहे थे। इसी दौरान दोपहर लगभग 1.30 से 2.00 बजे के बीच चंद्रवीर ने मौके का फायदा उठाकर प्रहरी और अन्य कैदियों को चकमा दिया और जेल मुख्यालय के पीछे के हिस्से से फरार हो गया।
पुलिस-प्रशासन में हड़कंप
कैदी के फरार होते ही जेल प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। तुरंत ही उच्चाधिकारियों को सूचना दी गई। रायपुर जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) ने फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की है। सभी थानों और चौकियों को अलर्ट कर दिया गया है।
इनाम की घोषणा
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायपुर ने फरार कैदी को गिरफ्तार करने या उसकी सही-सही सूचना देने वालों के लिए 5 हजार रुपये का नगद इनाम घोषित किया है। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि आरोपी को गिरफ्तार करवाने वाले व्यक्ति की जानकारी गुप्त रखी जाएगी।
पुलिस की अपील
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि फरार आरोपी के बारे में किसी भी तरह की जानकारी तुरंत नजदीकी थाने या पुलिस कंट्रोल रूम को दें। यदि आरोपी कहीं दिखाई दे तो खुद से पकड़ने की कोशिश न करें, बल्कि पुलिस को सूचित करें। चंद्रवीर उर्फ पिंटू के खिलाफ मामला काफी गंभीर था। वह नशीले पदार्थों की तस्करी से जुड़े एक बड़े मामले में पकड़ा गया था। विशेष न्यायाधीश पंकज कुमार सिन्हा ने उसे कठोर सजा सुनाई थी। इसके बावजूद जेल प्रशासन की बड़ी लापरवाही सामने आई है, क्योंकि इतनी कड़ी सजा भुगत रहा कैदी मरम्मत कार्य के लिए बाहर भेजा गया और वहीं से वह भाग निकला।