ओडिशा से गांजा तस्करी रोकने एनसीबी जोनल दफ्तर खोलने की तैयारी में

Update: 2021-11-29 05:21 GMT
Click the Play button to listen to article

छह जिलों की सीमाओं पर सीसीटीवी वाले चेकपोस्ट तैयार

रायपुर (जसेरि)। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के इंदौर के जोनल डायरेक्टर बृजेंद्र चौधरी ने हाल में रायपुर आकर पुलिस मुख्यालय के अफसरों के साथ गांजा तस्करी रोकने पर मंथन किया है। दरअसल गांजा तस्करों ने छत्तीसगढ़ को बड़ा ट्रैफिकिंग सेंटर बना लिया है, इसलिए यह पूरी कवायद चल रही है। पिछले तीन सालों में छत्तीसगढ़ पुलिस ने अलग-अलग जिलों में चालीस हजार किलो से ज्यादा गांजा जब्त किया है। इसकी कीमत करोड़ों में है। गांजा तस्कर ओडिशा से उत्तरप्रदेश, दिल्ली, बिहार सहित कई राज्यों में गांजा पहुंचाने के लिए छत्तीसगढ़ को कॉरिडोर की तरह इस्तेमाल कर रहे हैं।

उड़ीसा से छत्तीसगढ़के रास्ते गांजा तस्करी रोकने के लिए आखिरकार राष्ट्रीय स्तर के संस्थान नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) का सब जोनल दफ्तर यहीं खोलने की तैयारी है। एनसीबी के डायरेक्टर जनरल सत्यनारायण प्रधान के साथ प्रदेश के डीजीपी अशोक जुनेजा की बातचीत के बाद इस आशय का प्रस्ताव एनसीबी मुख्यालय में भेज दिया गया है। इसके अलावा प्रशासन तस्करी रोकने के लिए कई नए तरीकों पर काम शुरू कर चुका है। गांजा तस्करी रोकने के लिए छह जिलों की सीमाओं पर सीसीटीवी वाले चेकपोस्ट तैयार कर लिए गए।

इसमें से कुछ मात्रा छत्तीसगढ़ में भी खपाई जा रही है। सीएम भूपेश बघेल ने कुछ दिन पहले इसी पर रोक लगाने और सख्ती की हिदायत दी थी। मिली जानकारी के मुताबिक डीजीपी जुनेजा ने ओडिशा के डीजीपी अभय से बात कर ली है। ओडिशा पुलिस के साथ एक दौर की मीटिंग हुई थी। एनसीबी के डायरेक्टर जनरल से हुई बातचीत के आधार पर सब जोनल ऑफिस शुरू करने की सैद्धांतिक सहमति बनी है। इसका प्रस्ताव बनाकर भेजा गया है। इससे पहले नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने भी केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को एनसीबी का दफ्तर शुरू करने के लिए पत्र लिखा था।

सीमावर्ती जिलों में चेक पोस्ट व सीसीटीवी से की जाएगी निगरानी

सीएम के निर्देश के बाद महासमुंद के कोमाखान थाने के टेमरी, सिंघोड़ा के रहटीखोल में चेक पोस्ट में सीसीटीवी लगे हैं। इसी तरह बसना थाने के पलसापाली, सांकरा के लारीपुर और कोमाखान के नर्रा में अस्थाई चेक पोस्ट बनाया गया है। जशपुर के लवकेरा और कालेनझरिया में चेक पॉइंट है। इसी तरह सुकमा के तोंगपाल, पुसपाल, कुकानार, छिंदग?, झप?ा ब्रिज, पोडिय़ा ब्रिज, कोंटा ब्रिज में चेक पॉइंट, गरियाबंद के देवभोग व कोमाखान छुरा रसेला मार्ग पर सीसीटीवी युक्त चेकपोस्ट है। बस्तर में नगरनार थाना के धनपुंजी और दरभा में एनएच 30 पर सीसीटीवी युक्त चेक पोस्ट बनाया गया है। रायगढ़ के हमीरपुर, पुसौर, सरिया और डोंगरीपाली में चेक पोस्ट तैयार किया जा रहा है। तीन साल में सबसे ज्यादा महासमुंद जिले में गांजा जब्त किया गया है। यहां से अब तक 14500 किलो गांजा जब्त किया जा चुका है। इसी तरह बस्तर में 12600 किलो, रायगढ़ में 1100 किलो से ज्यादा, जशपुर में 1300 किलो, सुकमा में 8 हजार किलो से ज्यादा और कोंडागांव में 5 हजार किलो गांजा जब्त किया गया है। एनसीबी के जोनल डायरेक्टर ने डीजीपी से भेंट के बाद जांच व कार्रवाई में समन्वय के साथ विवेचना को अपग्रेड करने के लिए पुलिस का सहयोग करने की बात कही है।  

Tags:    

Similar News