Mungeli. मुंगेली। मुंगेली जिले के लोरमी थाना क्षेत्र स्थित ग्राम नवलपुर की महामाया गुड़ फैक्ट्री में हुई चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन बाज” के तहत लोरमी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चोरी में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का सामान, मोटरसाइकिल, लूना और पिकअप वाहन समेत कुल 4 लाख 88 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम नवलपुर निवासी हेमंत कुमार कश्यप ने 26 मई 2026 को थाना लोरमी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनके खेत में स्थित महामाया गुड़ फैक्ट्री पिछले दो वर्षों से बंद पड़ी है। फैक्ट्री के कमरों में बिजली उपकरण और लोहे का सामान रखा हुआ था। 23 और 24 मई की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने फैक्ट्री के कमरों का ताला तोड़कर चरखा मोटर, जूस मोटर, स्टार्टर, चैन कुप्पी ब्लॉक, डिस्क ग्रिफर और अन्य लोहे का सामान चोरी कर लिया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा और उप पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 26 मई की रात एक संदिग्ध युवक को फैक्ट्री परिसर में दोबारा चोरी की कोशिश करते हुए पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम मनीष देवार निवासी शिवघाट लोरमी बताया। कड़ी पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों कन्हैया उर्फ बोदकू देवार, शिवा देवार, भोदू देवार, बिन्नू देवार और करनदाता देवार के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने कन्हैया उर्फ बोदकू देवार को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने भी जुर्म कबूल कर लिया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि चोरी का सामान कबाड़ी संचालक शंकर देवार और असगर खान को बेचा गया था। दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने चोरी का माल खरीदना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का सामान, एक एचएफ डिलक्स मोटरसाइकिल, एक बिना नंबर की टीवीएस लूना और एक पिकअप वाहन जब्त किया। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 4 लाख 88 हजार रुपये बताई गई है।
इस मामले में थाना लोरमी में अपराध क्रमांक 233/2026 के तहत धारा 331(4), 305(ए), 317(2) और 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार आरोपियों में मनीष देवार, कन्हैया उर्फ बोदकू देवार, शंकर देवार और असगर खान शामिल हैं। सभी को 28 मई 2026 को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। वहीं जिला पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने घरों और दुकानों में सीसीटीवी कैमरे लगवाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।