देवपुर में नेचर कैंपिंग का शुभारंभ, इको पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

Update: 2026-02-24 12:00 GMT

बलौदाबाजार। वनमण्डल बलौदाबाजार अंतर्गत वन परिक्षेत्र देवपुर स्थित इको पर्यटन नेचर कैंप मड हाउस का सोमवार को औपचारिक लोकार्पण किया गया। यह नेचर कैंप प्राकृतिक परिवेश के अनुरूप विकसित किया गया है जिसमें स्थानीय संसाधनों एवं पारंपरिक निर्माण शैली का समावेश किया गया है।

मड हाउस की स्थापना का उद्देश्य प्रकृति के निकट पर्यटन अनुभव प्रदान करना, पर्यावरण अनुकूल पर्यटन को बढ़ावा देना तथा स्थानीय समुदाय को आय के स्थायी अवसर उपलब्ध कराना है। इस पहल के माध्यम से देवपुर क्षेत्र में ईको-पर्यटन गतिविधियों को सशक्त करने, ग्रामीणों की सहभागिता बढ़ाने एवं रोजगार सृजन को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।इस पहल से स्थानीय समुदाय की सहभागिता को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ इको-पर्यटन गतिविधियों को भी नई दिशा मिलेगी।

इसी क्रम में बारनवापारा अभ्यारण्य के पर्यटन ग्राम में नव निर्मित रिसेप्शन भवन का भी शुभारंभ प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यप्राणी एवं जैव विविधता) एवं मुख्य वन्यजीव अभिरक्षक  अरुण कुमार पांडे की उपस्थिति में किया गया। यह नया रिसेप्शन परिसर बारनवापारा की विशिष्ट पहचान, समृद्ध जैव विविधता एवं प्राकृतिक विरासत को प्रदर्शित करने की दृष्टि से विकसित किया गया है। परिसर में स्थानीय वनस्पतियों, वन्यजीवों एवं पर्यटन संभावनाओं को समाहित करते हुए एक आकर्षक एवं उपयोगी स्वागत केंद्र का निर्माण किया गया है, जिससे आगंतुकों को अभ्यारण्य की पारिस्थितिक विशेषताओं की समग्र जानकारी प्राप्त हो सके।

प्रधान मुख्य वन संरक्षक' अरुण कुमार पांडे ने कहा कि इको-पर्यटन आधारित ऐसे प्रयास न केवल प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण को सुदृढ़ करते हैं, बल्कि स्थानीय समुदायों को आत्मनिर्भर बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Tags:    

Similar News

null