निगम-मंडलों के लिए नाम तय...घोषणा जल्द

समन्वय समिति की बैठक में सत्ता और संगठन के बीच तालमेल को लेकर हुई चर्चा

Update: 2020-11-29 06:20 GMT

जसेरि रिपोर्टर

रायपुर। कांग्रेस समन्वय समिति की बैठक में निगम-मंडल और आयोग के बचे अध्यक्षों और सदस्यों को लेकर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री निवास में आयोजित बैठक में सत्ता और संगठन के बीच तालमेल पर भी चर्चा हुई। निर्णय लिया गया की सरकार की नीतियों को लेकर संगठन के पदाधिकारी गांव-गांव तक जाएंगे। प्रदेश में एक दिसंबर से धान खरीदी हो रही है। इसे लेकर कांग्रेस संगठन की टीम तैयार होगी। इसके साथ ही बचे निगम-मंडल के अध्यक्ष और सदस्यों के नाम पर चर्चा हुई। प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम ने अब तक मिले दावेदारों की सूची पेश की। समिति के सदस्यों ने एक-एक नाम पर विचार किया और सूची को अंतिम रूप दे दिया है। हाईकमान के निर्देश के बाद नियुक्ति की घोषण दिसंबर के पहले सप्ताह तक होने की संभावना है।

समन्वय समिति की बैठक की शुरुआत मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के सम्मान से हुई। मरवाही विधानसभा उपचुनाव में मिली जीत को संगठन ने मुख्यमंत्री की योजनाओं के बेहतर परिणाम के रूप में देखा। मरकाम ने कहा कि मरवाही में हम सभी सरकार की योजनाओं की जानकारी लेकर गए थे। मरवाही के विकास को लेकर मतदाताओं ने वोट दिया। चुनाव प्रभारी जयसिंह अग्रवाल के चुनावी मैनेजमेंट की भी समिति के सदस्यों ने तरीफ की। इससे पहले रायपुर पहुंचने के बाद स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर पत्रकारों से चर्चा में प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया ने कहा कि समन्वय समिति की बैठक में मरवाही विधानसभा उपचुनाव में बड़ी जीत को लेकर चर्चा होगी। इसके साथ ही निगम, मंडल, आयोग में नियुक्ति पर चर्चा होगी। सरकार और संगठन के बीच बेहतर तालमेल पर बातचीत होगी। कुछ अन्य विषयों पर भी चर्चा हो सकती है। सरकार के कामकाज को जनता तक पहुंचाने पर भी बातचीत होगी।

संगठन के साथ तालमेल बनाकर चलें मंत्री-एमएलए : मंत्री-विधायकों को संगठन के साथ बेहतर तालमेल बनाकर चलने तथा कार्यकर्ताओं की बातें सुनने

औैर उन्हें महत्व देने के लिए कहा गया है। साथ ही पार्टी लाइन की बातें बाहर नहीं कहने के निर्देश भी दिए गए हैं।

नियुक्तियां दिसंबर तक पूरी हो जाएंगी: मरकाम : पीसीसी अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के लिए समर्पित कार्यकर्ताओं को निगम-मंडल और आयोगों में होने वाली नियुक्तियों में महत्व मिलेगा। अब कार्यकर्ताओं को ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। सरकार के दो साल पूरे होने के अवसर पर उम्मीद है कि दिसंबर में सारी नियुक्तियां हो जाएंगी। बैठक में कर्मठ कार्यकर्ताओं के नामों पर विचार किया गया। सभी पदाधिकारियों ने इनके नामों पर बात की। इसके आधार पर ही नियुक्तियों के लिए सूची बनाई जाएगी।

कार्यकर्ताओं की भीड़ से बदली बैठक की जगह : प्रभारी पुनिया से मुलाकात के लिए होटल में सांसद, विधायक और जनप्रतिनिधि पहुंचे। इस बीच, निगम-मंडल के दावेदारों का भी जमावड़ा हो गया। बड़ी संख्या में पहुंचे दावेदारों को देखते हुए राजीव भवन में होने वाली समन्वय समिति की बैठक को मुख्यमंत्री निवास में आयोजित करने का निर्णय

लिया गया। एयरपोर्ट से लेकर होटल तक दावेदारों की भीड़ के बीच पुनिया से मिलने के लिए धक्का मुक्की होती रही।

सीएम के साथ आज शिवरीनारायण जाएंगे पुनिया : मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के साथ प्रदेश प्रभारी पुनिया भी शिवरीनारायण जाएंगे। सीएम दोपहर साढ़े 12 बजे रायपुर से रवाना होंगे। शिवरीनारायण मंदिर में दर्शन के बाद महंत लालदास महाविद्यालय परिसर में आयोजित स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद वे मेला ग्राउंड पहुंचकर राम वनगमन पथ परियोजना का अवलोकन करेंगे।

100 जमीनी कार्यकर्ताओं के दिन बहुरेंगे

निगम-मंडल, आयोग में होने वाली नियुक्ति में जहां वरिष्ठ नेताओं और विधायकों को प्राथमिकता दी गयी है वहीं जमीन से जुड़े सौ कार्यकर्ताओं को भी निगम, मंडल आयोग में सदस्य और उपाध्यक्ष के रूप में मनोनीत किए जाने की खबर है। प्रदेश की बहुप्रतिक्षीत निगम-मंडल-आयोग में कुछ में ही निगम अध्यक्ष की नियुक्ति होनी है, वहीं उपाध्यक्ष और सदस्यों की थोक में नियुक्ति होगी । एसे लगभग 100 से ज्यादा समर्पीत और संगठन में सक्रीय कार्यकर्ताओं की नियुक्ति जल्द होने की संभावना है।

Tags:    

Similar News

-->