रतनपुर। अकलतरी गाँव में शराब पीने के दौरान हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। नशे की हालत में शुरू हुई गाली-गलौज के बाद एक युवक की ईंट से सिर कुचलकर हत्या कर दी। वारदात से पूरे गांव में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर फॉरेंसिक जांच शुरू करा दी है।
रतनपुर टी निलेश पांडेय ने बताया, अकलतरी निवासी इंद्रप्रकाश उर्फ गोलू भार्गव (30) गांव में रहकर रोजी मजदूरी करता था। शनिवार रात इंद्रप्रकाश अपने दोस्त विशाल कश्यप के साथ लखराम में शराब पी रहे थे। वहां से लौटने के बाद अपने घर जा रहा था। घर के पास ही अमित सोनवानी और सुधीर सोनवानी ने उसे रोककर गाली-गलौज की। इसी बात को लेकर विशाल और अमित के बीच विवाद हुआ। इस दौरान अमित और सुधीर ने मिलकर विशाल पर धारदार हथियार से हमला किया।
हमले में विशाल घायल हो गया। वह मौके से किसी तरह भाग निकला। इसके बाद अमित और सुधीर इंद्र प्रकाश के घर पहुंचे। डरकर इंद्रप्रकाश अपने घर की छत पर चढ़ गया। जहां पर दोनों ने घेरकर इंद्रप्रकाश पर हंसिया, चाकू और दीवार की ईंट निकालकर बेरहमी से हमला किया। इस हमले में इंद्रप्रकाश की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद युवक भागकर रतनपुर पहुंचे। जहां दोनों ने ढाबे में भोजन किया। इसके बाद वे रतनपुर थाने पहुंचे। तब तक गांव के लोगों ने घटना की सूचना रतनपुर पुलिस को दी थी। पुलिस ने दोनों आरोपी को हिरासत में ले लिया। विशाल की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने फोरेंसिक जांच के बाद शव को पीएम के लिए भेज दिया है।