फिर मर्डर, भिलाई में तनावपूर्ण माहौल

छग

Update: 2023-09-17 08:08 GMT

दुर्ग। खुर्सीपार में युवक मलकीत सिंह की हत्या के बाद कोहका में फिर एक हत्या हो गई है। शनिवार की रात कोहका क्षेत्र में एक युवक को पीट-पीटकर मार डाला। पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेजा है। वहां भी माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। स्मृति नगर चौकी प्रभारी ने बताया कि मृतक की पहचान चंद्रशेखर ठाकुर (38 वर्ष) निवासी सुंदर नगर कोहका के रूप में हुई है। घटना रात 9.30 बजे सुंदर नगर की है। यहां रहने वाले सचिन चौधरी किसी लडक़ी से खड़े होकर बात कर रहा था। इसी दौरान वहां चंद्रशेखर का छोटा भाई युगल किशोर निकला। उसने सचिन को कहा इस तरह कहीं भी लडक़ी से बात करने से उसके घर के पास का माहौल खराब होता है। इसे लेकर सचिन युगल से झगड़ा करने लगा।

झगड़ा बढ़ता देख चंद्रशेखर ठाकुर घर से बाहर आया और दोनों का विवाद शांत कराने लगा। इस पर सचिन ने अपने भाई गोविंदा चौधरी को फोन करके बुला लिया। गोविंदा बेस बल्ला और डंडा लेकर आया और चंद्रशेखर को बुरी तरह पीटने लगा। उसकी छाती में संघातक वार के कारण गहरी चोट लग जाने से वो वहीं ढेर हो गया। सूचना पाकर 112 की टीम पहुंची। उसने चंद्रशेखर को लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल सुपेला पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। स्मृति नगर पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर जांच कर रही है। आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं।

मोहल्ले वालों ने बताया कि चंद्रशेखर और उसका भाई युगल राज मिस्त्री का काम करते हैं। आरोपी अक्सर वहां लडक़ी से बात करते रात में खड़ा होता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। घटना के बाद माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है।


Tags:    

Similar News