नगर निगम ने शराब दुकान सहित चखना सेंटर पर की बड़ी कार्रवाई

छग

Update: 2025-06-20 18:04 GMT
Raipur. रायपुर। नगर निगम रायपुर द्वारा शहर में अवैध निर्माण और सार्वजनिक अव्यवस्थाओं पर सख्ती से कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में नगर निगम जोन-1 की टीम ने रिंग रोड क्षेत्र में शराब दुकान सहित अन्य अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया। साथ ही चखना सेंटर को भी तोड़ा गया, जो न केवल सड़क जाम का कारण बना हुआ था, बल्कि अत्यधिक मात्रा में प्लास्टिक कचरा भी फैला रहा था। इस कार्रवाई का नेतृत्व जोन कमिश्नर डॉ. दिव्या चंद्रवंशी ने किया, जिनके साथ कार्यपालन अभियंता डी.के. पैकरा, सहायक अभियंता शरद देशमुख, उप अभियंता सागर ठाकुर सहित जोन-1 के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
शराब दुकान के पास अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर
नगर निगम की टीम ने रिंग रोड क्षेत्र में स्थित शराब दुकान के पास अवैध रूप से किए गए निर्माण को चिन्हित कर ध्वस्त किया। यह निर्माण न केवल अवैध रूप से सड़क की सीमा में किया गया था, बल्कि इससे आसपास की यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो रही थी। नागरिकों द्वारा की गई शिकायतों की जांच के बाद इसे हटाने की कार्यवाही की गई।
चखना सेंटर बना था कचरा और यातायात की समस्या का कारण
जनशिकायतों के आधार पर जब निगम की टीम ने स्थल का निरीक्षण किया, तो यह पाया गया कि एक चखना सेंटर के कारण आसपास अत्यधिक प्लास्टिक कचरा फैल रहा था और सड़क पर नियमित रूप से जाम की स्थिति बनती थी। इसके बाद नगर निगम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चखना सेंटर को भी हटाने की कार्यवाही की।
निगम ने दी चेतावनी
नगर निगम रायपुर के अधिकारियों ने बताया कि अवैध निर्माण, सड़क अतिक्रमण, और स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी इसी तरह जारी रहेगी। निगम की ओर से आमजन से अपील की गई है कि वे नियमों का पालन करें और सार्वजनिक क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखें। नगर निगम आयुक्त विश्वदीप के निर्देश पर यह अभियान चलाया गया है। निगम द्वारा ऐसे अतिक्रमण और अव्यवस्था के खिलाफ नियमित रूप से जोनवार कार्रवाई की जा रही है।
Tags:    

Similar News