रायपुर में नाइस बेकरी पर निगम की बड़ी कार्रवाई, लगाया 5 हजार का E-जुर्माना
छग
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर में स्वच्छता व्यवस्था को लेकर नगर निगम ने सख्ती शुरू कर दी है। नगर निगम जोन क्रमांक 10 के स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बोरियाखुर्द स्थित नाइस बेकरी का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान बेकरी परिसर में गंदगी और निर्धारित स्वच्छता मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संचालक के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 5 हजार रुपए का ई-जुर्माना लगाया गया। नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, नाइस बेकरी के संबंध में स्वच्छता व्यवस्था को लेकर जनशिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत की वास्तविक स्थिति की जांच करने के लिए नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर जोन 10 स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। यह कार्रवाई जोन क्रमांक 10 के जोन कमिश्नर मोनेश्वर शर्मा के मार्गदर्शन में की गई।
औचक निरीक्षण के दौरान निगम की टीम ने बेकरी परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था, कचरा प्रबंधन और स्वच्छता संबंधी नियमों की जांच की। जांच में पाया गया कि बेकरी संचालक द्वारा स्वच्छता मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था और परिसर में गंदगी फैली हुई थी। अधिकारियों ने पाया कि शिकायत सही थी और मौके पर स्वच्छता व्यवस्था में लापरवाही बरती जा रही थी। इसके बाद नगर निगम जोन 10 स्वास्थ्य विभाग की टीम ने संबंधित बेकरी संचालक को भविष्य में स्वच्छता नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी। साथ ही नियमानुसार कार्रवाई करते हुए तत्काल 5 हजार रुपए का ई-जुर्माना लगाया गया।
कार्रवाई के दौरान जोन स्वास्थ्य अधिकारी अमित बेहरा और स्वच्छता निरीक्षक यशवंत बेरिहा सहित निगम की टीम मौजूद रही। अधिकारियों ने बताया कि नगर निगम शहर में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार निरीक्षण अभियान चला रहा है। सार्वजनिक स्थानों, दुकानों, होटल, बेकरी और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई व्यवस्था की नियमित जांच की जा रही है। नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्वच्छता नियमों की अनदेखी करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ आगे भी इसी तरह कार्रवाई जारी रहेगी। निगम ने व्यापारियों और संस्थान संचालकों से अपील की है कि वे अपने प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई बनाए रखें और कचरा प्रबंधन के नियमों का पालन करें। नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि स्वच्छ शहर बनाने के लिए आम नागरिकों के साथ-साथ व्यवसायिक संस्थानों की भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। शहर में गंदगी फैलाने और स्वच्छता मानकों का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माने की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।