रायपुर में बकायादारों पर निगम का शिकंजा, दो व्यावसायिक परिसर सील, दो के नल कनेक्शन काटे
रायपुर : राजधानी रायपुर में बकाया राजस्व की वसूली को लेकर नगर निगम ने सख्त कार्रवाई की है। नगर निगम जोन क्रमांक 1 के अंतर्गत वीर शिवाजी वार्ड क्रमांक 16 में लंबे समय से बकाया राशि का भुगतान नहीं करने वाले चार बकायादारों के खिलाफ राजस्व विभाग की टीम ने कार्रवाई की। इनमें दो बकायादारों के व्यावसायिक परिसरों को तत्काल सीलबंद कर दिया गया, जबकि दो अन्य के नल कनेक्शन काट दिए गए। इन चारों बकायादारों पर नगर निगम का कुल 12 लाख 57 हजार 704 रुपये का राजस्व बकाया है।
नगर निगम के राजस्व विभाग द्वारा संचालित बकाया वसूली अभियान के तहत यह कार्रवाई निगम आयुक्त संबित मिश्रा के आदेश पर की गई। अपर आयुक्त राजस्व लोकेश्वर साहू, उपायुक्त राजस्व डॉ. अंजलि शर्मा और जोन क्रमांक 1 के जोन कमिश्नर अंशुल शर्मा सीनियर के निर्देशानुसार राजस्व विभाग की टीम ने संबंधित परिसरों में पहुंचकर कार्रवाई की।
निगम से प्राप्त जानकारी के अनुसार, वीर शिवाजी वार्ड में मोहन कबाड़ी पर 1 लाख 52 हजार 241 रुपये और चन्द्रिका प्रसाद शर्मा पर 1 लाख 48 हजार 578 रुपये की राशि बकाया है। दोनों को नगर निगम की ओर से डिमांड नोटिस और डिमांड बिल जारी किए गए थे। इसके बावजूद बकाया राशि जमा नहीं किए जाने पर राजस्व विभाग की टीम ने दोनों के संबंधित व्यावसायिक परिसरों को सीलबंद कर दिया।
इसी वार्ड में दो अन्य बकायादारों के खिलाफ भी निगम ने कार्रवाई की है। जी. लोकेश कुमार पर 3 लाख 52 हजार 688 रुपये और डी.एम. राव पर 6 लाख 4 हजार 197 रुपये का राजस्व बकाया है। दोनों को बकाया भुगतान के लिए डिमांड नोटिस और डिमांड बिल जारी किए गए थे। राशि जमा नहीं होने पर निगम की टीम ने दोनों के यहां नल विच्छेदन की कार्रवाई की।
चारों बकायादारों को पहले ही बकाया राशि जमा करने के लिए नोटिस जारी किए जा चुके थे। इसके बावजूद भुगतान नहीं होने के कारण नगर निगम ने व्यावसायिक परिसरों को सील करने और नल कनेक्शन काटने जैसे कदम उठाए हैं। राजस्व वसूली अभियान के तहत की गई इस कार्रवाई में सबसे अधिक बकाया राशि डी.एम. राव की है। नगर निगम के इस अभियान के तहत बकाया राजस्व का भुगतान नहीं करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।