Raipur. रायपुर। बृजमोहन अग्रवाल ने राम नवमी के पावन अवसर पर धार्मिक आस्था का प्रदर्शन करते हुए पहले काली माता के दर्शन किए और उसके बाद बजरंग बली की पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि और शांति के लिए प्रार्थना की। सांसद अग्रवाल ने पूजा के दौरान वैदिक मंत्रों का उच्चारण करते हुए माँ काली का स्मरण किया। उन्होंने “ॐ जयन्ती मङ्गला काली भद्रकाली कपालिनी, दुर्गा क्षमा शिवा धात्री स्वाहा स्वधा नमोऽस्तुते” मंत्र का जाप कर देवी शक्ति की आराधना की। इसके बाद उन्होंने भगवान हनुमान के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
राम नवमी के इस विशेष अवसर पर उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी शक्ति और धर्म का विशेष महत्व है। माँ काली शक्ति, साहस और रक्षा की प्रतीक हैं, वहीं बजरंग बली भक्ति, सेवा और पराक्रम के प्रतीक हैं। ऐसे पावन अवसरों पर पूजा-अर्चना करने से समाज में सकारात्मक ऊर्जा और सद्भाव का संचार होता है। इस दौरान उनके साथ स्थानीय जनप्रतिनिधि और श्रद्धालु भी उपस्थित रहे। मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण देखने को मिला और श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही। सांसद ने प्रदेशवासियों को राम नवमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व हमें मर्यादा, धर्म और कर्तव्य का पालन करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कामना की कि भगवान राम और माँ काली की कृपा से प्रदेश में शांति, समृद्धि और खुशहाली बनी रहे।