Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर स्थित अग्रसेन धाम में आज श्री अग्रसेन जयंती समारोह बड़े ही धूमधाम और भव्यता के साथ मनाया गया। इस अवसर पर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने महाराजा अग्रसेन जी के आदर्शों को याद करते हुए कहा कि उनके जीवन से हमें समाज में एकता, समरसता और सहयोग का संदेश मिलता है। सांसद अग्रवाल ने कहा कि महाराजा अग्रसेन जी ने अपने सिद्धांतों से यह सिखाया कि जब समाज ज्ञान, सेवा और परोपकार के मार्ग पर चलता है, तब वह हमेशा प्रगति के शिखर तक पहुंचता है। उन्होंने कहा कि आज अग्र समाज उन्हीं आदर्शों पर चलते हुए हर क्षेत्र में अपना परचम लहरा रहा है और देश-प्रदेश के विकास में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।
प्रतिभाओं को किया गया सम्मानित
अग्रसेन जयंती समारोह के दौरान समाज की प्रतिभाओं को सम्मानित करने का भी अवसर मिला। समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठजनों को मंच पर बुलाकर सम्मान पत्र और स्मृति चिन्ह भेंट किए गए। इस दौरान कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साहवर्धन किया। सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि समाज की प्रतिभाएं ही उसकी असली पूंजी हैं और इन्हें प्रोत्साहित करना ही समाज और राष्ट्र की प्रगति का आधार है। उन्होंने आगे कहा कि युवा पीढ़ी अगर महाराजा अग्रसेन जी के आदर्शों पर चलकर सेवा और परोपकार को अपनाएगी, तो निश्चित रूप से समाज नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा।
समाज के गणमान्यजन हुए शामिल
इस अवसर पर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरी शंकर अग्रवाल, CSIDC चेयरमैन राजीव अग्रवाल, अग्रवाल सभा, अग्रवाल महिला मंडल, अग्रवाल युवा मंडल, और अग्रवाल युवती मंडल के पदाधिकारी समेत बड़ी संख्या में अग्र समाज के प्रबुद्धजन उपस्थित रहे। समारोह में आए अतिथियों का पुष्पगुच्छ और माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। मंच से वक्ताओं ने भी समाज की एकता और सहयोग की परंपरा पर प्रकाश डाला और अग्रसेन धाम में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम को समाज की गौरवशाली पहचान बताया। कार्यक्रम के अंत में सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने समाज की प्रतिभाओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और कहा कि समाज की प्रगति ही राष्ट्र की प्रगति है। उन्होंने सभी को महाराजा अग्रसेन जी के आदर्शों पर चलने का आह्वान किया और कहा कि जब समाज के लोग एकजुट होकर सेवा करेंगे, तब राष्ट्र भी सशक्त और समृद्ध होगा।