Bilaspur. बिलासपुर। बिलासपुर के पास हुई कोरबा पैसेंजर ट्रेन और मालगाड़ी के बीच हुई टक्कर ने पूरे प्रदेश को स्तब्ध कर दिया है। इस दर्दनाक हादसे पर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए इसे अत्यंत दुखद और पीड़ादायक बताया है। सांसद अग्रवाल ने कहा कि इस हादसे में कई निर्दोष यात्रियों की जान गई है और अनेक लोग घायल हुए हैं। उन्होंने कहा- “मैं दिवंगत आत्माओं के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूँ और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए ईश्वर से प्रार्थना करता हूँ।” उन्होंने कहा कि यह समय पूरे प्रदेश के लिए पीड़ा और संवेदना का है।
ऐसे कठिन समय में हमें एकजुट होकर पीड़ित परिवारों की मदद करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि रेल प्रशासन को राहत और बचाव कार्यों को तीव्र गति से पूरा कर सभी घायलों को सर्वोत्तम उपचार उपलब्ध कराना चाहिए। बृजमोहन अग्रवाल ने आगे कहा कि हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचकर राहत कार्यों में जुट गई हैं। प्राथमिकता है कि प्रत्येक घायल को समय पर चिकित्सकीय सुविधा मिले और किसी भी तरह की लापरवाही न हो। सांसद ने यह भी कहा कि इस घटना से हम सभी का हृदय व्यथित है और यह जरूरी है कि रेलवे प्रशासन इस हादसे के कारणों की पूरी जांच कर आगे ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाए। उन्होंने अंत में कहा- “इस कठिन समय में हम सभी पीड़ित परिवारों के साथ हैं। उनकी पीड़ा हमारी पीड़ा है। ईश्वर से प्रार्थना करता हूँ कि दिवंगत आत्माओं को शांति और शोकग्रस्त परिवारों को धैर्य प्रदान करें।”