लायंस क्लब शिखर शिक्षक सम्मान समारोह में शामिल हुए सांसद बृजमोहन अग्रवाल

छग

Update: 2025-09-05 13:58 GMT
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर में आयोजित लायंस क्लब शिखर शिक्षक सम्मान समारोह में शुक्रवार को लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने शिक्षकों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि 5 सितंबर शिक्षक दिवस सिर्फ एक औपचारिकता का दिन नहीं है, बल्कि यह समाज के उन मार्गदर्शकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है, जिनकी वजह से छात्र-छात्राएं जीवन की हर परिस्थिति का सामना करने में सक्षम बनते हैं।


सांसद अग्रवाल ने कहा कि एक शिक्षक की गोद में प्रलय भी पनपता है और विकास भी। शिक्षक ही वह शक्ति है जो एक विद्यार्थी को योग्य नागरिक, बेहतर इंसान और समाज का जिम्मेदार हिस्सा बनाता है। उन्होंने कहा कि हर छात्र अपने जीवन में उतार-चढ़ाव का सामना करता है और उसे पार करने की क्षमता शिक्षक ही देता है। इसीलिए शिक्षा जगत से जुड़े लोगों का सम्मान समाज की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। समारोह में शहर और आसपास के कई प्रतिष्ठित शिक्षकों को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

इस मौके पर लायंस क्लब शिखर के पदाधिकारियों ने बताया कि संस्था वर्षों से शिक्षा और सामाजिक कार्यों के क्षेत्र में सक्रिय है और यह परंपरा आगे भी जारी रहेगी। सांसद अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में शिक्षा को नई दिशा देने का कार्य हो रहा है। नई शिक्षा नीति ने बच्चों की प्रतिभा और रचनात्मकता को बढ़ावा देने का मार्ग प्रशस्त किया है। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य और समाज के संयुक्त प्रयासों से ही शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव संभव हैं। समारोह में बड़ी संख्या में समाजसेवी, शिक्षाविद्, छात्र और अभिभावक मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन अतिथियों और शिक्षकों के सम्मान के साथ हुआ।
Tags:    

Similar News