शहीद पंकज विक्रम की प्रतिमा पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने दी श्रद्धांजलि
छग
Raipur. रायपुर। लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने मातृभूमि की रक्षा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर शहीद पंकज विक्रम को उनके बलिदान दिवस पर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। गुरुवार को राजधानी रायपुर के पेंशनवाड़ा स्थित शहीद की प्रतिमा स्थल पर आयोजित कार्यक्रम में सांसद अग्रवाल ने पुष्प अर्पित कर शहीद के प्रति गहरी संवेदना और सम्मान व्यक्त किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि शहीद पंकज विक्रम का शौर्य, त्याग और राष्ट्रभक्ति हम सभी के लिए एक आदर्श है। उन्होंने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया। जिसे देशवासी कभी नहीं भूल सकते।
सांसद अग्रवाल ने उपस्थित युवाओं से आह्वान किया कि वे शहीदों के जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दें। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के सदस्य, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। सभी ने शहीद की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने शहीद पंकज विक्रम के साहसिक कारनामों और देश के प्रति उनके समर्पण को याद किया। शहीद पंकज विक्रम की स्मृति में प्रतिवर्ष उनके बलिदान दिवस पर यह कार्यक्रम आयोजित किया जाता है, जिससे नई पीढ़ी में देशभक्ति की भावना जागृत हो और समाज में राष्ट्रसेवा का संदेश पहुंचे।