देवउठनी के दिन मातम, मां और दो मासूम बच्चों की संदिग्ध मौत से गांव में सनसनी
छत्तीसगढ़.
बलौदाबाजार: छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले से देवउठनी एकादशी पर एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आ रही है। यहां मां और दो मासूम बच्चों की लाश संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई। तीनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए CHC भेज दिया गया है।
बताया जा रहा है कि गिरौदपुरी चौकी क्षेत्र के ग्राम सुकली में एक महिला और उसके दो मासूम बच्चों की संदिग्ध परिस्थिति में मिली है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तीनों की मौत जहर सेवन से होने की आशंका जताई जा रही है। आशंका जताई जा रही है कि मां ने पहले बच्चों को जहर पिलाया, फिर खुद भी जहर खाकर आत्महत्या कर ली है। वहीं, पति की दूसरी शादी की चर्चा के बाद परिवार में विवाद होने की बात भी सामने आ रही है। फिलहाल खबर लिखे जाने तक मृतकों की शिनाख्त नहीं हो पाई है। महिला ने ये खौफनाक कदम क्यों उठाया है। इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है, घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला है।
परिवार में एक साथ तीन लोगों की मौत से कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, पूरे गांव में मातम छाया हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। तीनों के शव पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कसडोल लाए गए हैं। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है। फिलहाल पुलिस सभी हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।