Korba. कोरबा। उरगा थाना क्षेत्र में कोरबा-चांपा मार्ग पर अडानी पावर प्लांट के गेट नंबर-1 के सामने तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार की मौत हो गई। मृतक की पहचान 38 वर्षीय मुकेश कंवर के रूप में हुई है। वह अडानी पावर प्लांट में कर्मचारी बताया जा रहा है। हादसे के बाद परिजनों ने मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग को लेकर विरोध किया। बाद में कंपनी और परिजनों के बीच सहमति बनने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया। जानकारी के अनुसार हादसा बुधवार रात हुआ। मुकेश कंवर प्लांट में अपनी ड्यूटी पूरी करने के बाद बाइक से घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि प्लांट से बाहर निकलने के कुछ देर बाद CG 10 BO 0492 नंबर के तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना गंभीर था कि मुकेश कंवर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर मृतक के परिजन भी घटनास्थल पहुंचे। घटना से नाराज परिवार के सदस्य और अन्य लोग कार्रवाई तथा उचित मुआवजे की मांग को लेकर सड़क पर बैठ गए।
घटना की जानकारी मिलते ही उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिजनों और प्रदर्शन कर रहे लोगों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया। काफी समझाइश के बाद सड़क पर चल रहा विरोध समाप्त कराया गया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भिजवाया। गुरुवार सुबह शव मर्चुरी में रखा गया था, लेकिन परिजन मुआवजा और नौकरी की मांग को लेकर अड़े रहे। परिवार का कहना था कि मृतक परिवार का सहारा था और उसकी मौत के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट पैदा हो गया है। इसी वजह से परिवार ने कंपनी से उचित सहायता और आश्रित को नौकरी देने की मांग रखी। मांगों को लेकर कंपनी प्रबंधन और परिजनों के बीच बातचीत हुई। इस कारण काफी समय तक पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी।
दोपहर करीब तीन बजे दोनों पक्षों के बीच सहमति बनी। बताया गया कि सहमति के तहत मृतक के परिवार के एक सदस्य को नौकरी दिए जाने पर निर्णय लिया गया। इसके साथ ही शासन की ओर से मिलने वाली तात्कालिक सहायता राशि भी उपलब्ध कराई गई। कंपनी की तरफ से मिलने वाली आर्थिक सहायता को लेकर भी दोनों पक्षों के बीच सहमति बनी। सहमति बनने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया और आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया। उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि हादसे के बाद परिजनों की मांगों को लेकर कंपनी से चर्चा हुई। सहमति बनने के बाद तात्कालिक सहायता राशि उपलब्ध कराई गई और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई। पुलिस ने हादसे में शामिल ट्रेलर को जब्त कर लिया है। घटना के कारणों और वाहन चालक की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। इस घटना के बाद पावर प्लांट के आसपास भारी वाहनों की आवाजाही और सड़क सुरक्षा को लेकर भी स्थानीय स्तर पर चर्चा शुरू हो गई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।