चार से ज्यादा चोरों ने ठेकेदार के बंद घर में की लाखों की चोरी, मामले में जांच जारी
छग
Durg. दुर्ग। जिले के अमलेश्वर थाना क्षेत्र में एक बिल्डिंग ठेकेदार के घर में चार से ज्यादा चोरों ने लाखों रुपए की चोरी की घटना को अंजाम दिया है। चोरों ने सोने-चांदी के जेवर और नकदी चोरी कर ली। यह मामला ग्राम मोतीपुर खम्हरिया रोड का है। पीड़ित राम स्वरूप साहू ने बताया कि वे 25 जनवरी से 29 जनवरी 2026 तक घर से बाहर गए थे। 29 जनवरी को पड़ोसी ने फोन कर सूचना दी कि उनके घर में चोरी हुई है। सूचना पाते ही राम स्वरूप साहू तुरंत लौटे और देखा कि घर का सामान बिखरा हुआ था।
घटना स्थल का निरीक्षण करने पर पुलिस ने पाया कि मुख्य दरवाजे का लॉक टूटा नहीं था, लेकिन कमरे का लॉक टूटा हुआ था। अलमारी का ताला तोड़कर चोरों ने सोने-चांदी के जेवर और नकदी चोरी कर ली थी। चोरी में कुल 34 सोने के जेवर और 14 चांदी के जेवर शामिल हैं। चोरी की कीमत करीब 3,18,070 रुपए आंकी गई है। पुलिस ने बताया कि दीवारों और फर्श पर पड़े पैरों के निशान देखकर लगता है कि इस चोरी में चार या उससे अधिक लोग शामिल थे। चोरी का अंदाजा लगाया जा रहा है कि चोर घर के पीछे के दरवाजे से अंदर घुसे। पीड़ित ने पुलिस को चोरी हुए जेवर से जुड़े करीब 18 बिल सौंपे हैं, ताकि चोरी की पुष्टि की जा सके।
पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज तथा अन्य सबूतों के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और दावा किया गया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे अपनी सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। घटना से स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया है। पड़ोसियों ने भी पुलिस कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की घटना से इलाके में सुरक्षा उपायों को और सख्त करने की आवश्यकता है। पुलिस ने कहा कि चोरी की यह वारदात सार्वजनिक और निजी सुरक्षा के लिए चेतावनी के रूप में है। अमलेश्वर थाना क्षेत्र में लगातार चोरी और चोरी की कोशिशों पर निगरानी बढ़ाई जाएगी।