Raipur रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित प्रांतीय कार्यशाला में रायपुर सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल शामिल हुए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा और सुशासन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भाजपा द्वारा ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। इसी अभियान की तैयारियों और कार्ययोजना को लेकर कार्यशाला का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सार्वजनिक जीवन में सेवा और समर्पण के 25 वर्ष पूरे किए हैं, जो पूरे देश के लिए अतुलनीय और अनुकरणीय हैं। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा किए गए लोकहितैषी कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जब तक निरंतर जनता के बीच नहीं पहुंचाई जाती, तब तक लोग उसका पूरी तरह लाभ और महत्व नहीं समझ पाते।
श्री अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस और विपक्षी दल लगातार जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे में भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं की वास्तविक जानकारी पहुंचाएगा। उन्होंने बताया कि एक माह तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ के दौरान केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार, छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव साय सरकार और पूर्ववर्ती डॉ. रमन सिंह सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल सरकार की उपलब्धियां गिनाना नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर जनसेवा करना भी है। अभियान के तहत समाज का मान बढ़ाने वाले खिलाड़ियों, पद्मश्री से सम्मानित विभूतियों और उत्कृष्ट सांस्कृतिक कलाकारों का सम्मान किया जाएगा। सांसद ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से भाजपा के जनाधार को और मजबूत करें। सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचाना ही अभियान का प्रमुख संकल्प है।
Tags: