'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने किया वृक्षारोपण
छग
Settle. बसना। पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के अंतर्गत बसना स्थित स्व. जयदेव सतपथी शासकीय महाविद्यालय प्रांगण में जिला स्तरीय वन महोत्सव का भव्य आयोजन संपन्न हुआ। इस गरिमामय कार्यक्रम में स्थानीय विधायक डॉ. संपत अग्रवाल बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने वृक्षारोपण किया तथा आमजनों को जागरूक करने एवं घर-घर तक पौधे पहुंचाने के उद्देश्य से निःशुल्क पौधा वितरण वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने कहा कि‘एक पेड़ मां के नाम’ केवल एक पौधारोपण का अभियान नहीं है, बल्कि यह हमारी जननी और प्रकृति माता के प्रति अगाध श्रद्धा और कृतज्ञता व्यक्त करने का एक पवित्र जरिया है। जिस तरह मां हमारा पालन-पोषण बिना किसी स्वार्थ के करती है, ठीक उसी तरह वृक्ष भी जीवनभर हमें ऑक्सीजन और छाया देकर निस्वार्थ सेवा करते हैं।
उन्होंने पर्यावरण संतुलन पर जोर देते हुए आगे कहा कि बढ़ते तापमान और बदलते मौसम के चक्र को नियंत्रित करने के लिए सघन वृक्षारोपण आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। यदि हम अपनी आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वायु और समृद्ध पर्यावरण देना चाहते हैं, तो हमें आज ही प्रकृति से जुड़ना होगा। 'एक पेड़ मां के नाम' लगाकर हम अपनी मां को एक अविस्मरणीय सम्मान दे सकते हैं। महाविद्यालय परिसर में पौधारोपण करते हुए विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने उपस्थित जनसमूह, युवाओं और विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि केवल पौधा लगा देना ही हमारी जिम्मेदारी की इतिश्री नहीं है। असली कर्तव्य तब पूरा होता है जब हम उस पौधे को वृक्ष बनने तक सींचें और उसकी सुरक्षा करें। आइए, हम सब मिलकर यह संकल्प लें कि आज जो पौधा हम अपनी मां के नाम पर रोप रहे हैं, उसकी देखभाल भी एक संतान की तरह ही करेंगे।
कार्यक्रम के अंत में पर्यावरण जागरूकता फैलाने के लिए तैयार किए गए निःशुल्क पौधा वितरण रथों को अतिथियों द्वारा हरी झंडी दिखाकर ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों के लिए रवाना किया गया। इस अवसर पर सांसद रूपकुमारी चौधरी, वरिष्ठ भाजपा नेता ओमप्रकाश चौधरी, जिला महामंत्री भाजपा जितेंद्र त्रिपाठी, अध्यक्ष जनपद पंचायत बसना डिलेश्वरी निराला, उपाध्यक्ष जनपद पंचायत बसना मोहित पटेल, उपाध्यक्ष नगर पंचायत बसना शीत गुप्ता, विधायक प्रतिनिधि बसना विधानसभा कैलाश अग्रवाल, अध्यक्ष भाजपा मंडल बसना नरेंद्र यादव, मंडल अध्यक्ष गढ़फुलझर नरहरि पोर्ते, जिला महामंत्री किसान मोर्चा माधव साव, जिला महामंत्री युवा मोर्चा कामेश बंजारा, जिला अध्यक्ष किसान मोर्चा पिलेश्वर पटेल, पार्षद राकेश डड़सेना, महामंत्री भाजपा बसना मंडल सरोज पाण्डेय, पार्षद महेंद्र सिंह अरोरा, जिला मीडिया प्रभारी नवीन साव, पार्षद मुजम्मिल कादरी, मंडल अध्यक्ष युवा मोर्चा बसना आकाश सिन्हा,वन मंडलाधिकारी श्रीनिवास तन्नेती,वन विभाग के अधिकारी, महाविद्यालय के प्राचार्य, प्राध्यापकगण, स्थानीय जन प्रतिनिधि, समाज सेवी एवं गणमान्यज उपस्थित रहे।