रामकुंड में सट्टा लिखते बदमाश गिरफ्तार

छग

Update: 2025-11-04 14:15 GMT
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर में पुलिस ने एक बार फिर सट्टा खाईवालों पर शिकंजा कसते हुए कार्रवाई की है। थाना आजाद चौक पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ईदगाहभाठा क्षेत्र में छापेमारी कर एक युवक को सट्टा लिखते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी से नगदी रकम, सट्टा पट्टी और अन्य सामग्री जब्त की गई है। थाना आजाद चौक में पदस्थ सहायक उपनिरीक्षक (सउनि) ने बताया कि दिनांक 3 नवंबर 2025 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ईदगाहभाठा हिंद स्पोर्टिंग मैदान के पास, पानी टंकी के नजदीक और वंदना बजाज के पीछे रामकुंड इलाके में एक व्यक्ति घूम-घूमकर सट्टा लिख रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई।

टीम में प्र.आर. 1236 नोहर देशमुख और पेट्रोलिंग आरक्षक 321 मुकेश पांडेय शामिल थे। रास्ते में आमापारा के पास गवाह निरंजन सिंह और मोहम्मद सफी को भी साथ लिया गया, जिन्हें नोटिस देकर कार्रवाई में शामिल किया गया। मुखबिर के बताए स्थान पर पुलिस पहुंची तो वहां एक व्यक्ति को सट्टा पट्टी लिखते हुए देखा गया। पुलिस को देखते ही वह भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम शेख सोहेब पिता शेख गफ्फार (उम्र 34 वर्ष), निवासी देवेंद्र नगर मस्जिद के पास, थाना देवेंद्र नगर रायपुर बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से सट्टा पट्टी, नगदी रकम 1200 रुपए और एक डॉट पेन बरामद किया गया।

गवाहों की मौजूदगी में समस्त सामान को पुलिस ने जब्त कर लिया। आरोपी से सट्टा गतिविधि से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर धारा 94 BNSS का नोटिस दिया गया। पूछताछ में आरोपी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। पुलिस ने बताया कि आरोपी का कृत्य धारा 6(क) छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत दंडनीय अपराध पाया गया है। इसलिए आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर थाना लाकर अपराध पंजीबद्ध किया गया है। आजाद चौक थाना प्रभारी ने बताया कि क्षेत्र में सट्टा एवं अवैध जुआ गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। ऐसे किसी भी मामले की सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे सट्टा-जुआ जैसे सामाजिक अपराधों में लिप्त लोगों की जानकारी पुलिस को दें ताकि इस अवैध गतिविधि पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।
Tags:    

Similar News