Bilaspur. बिलासपुर। जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र में धारदार चाकू दिखाकर राहगीरों को डराने-धमकाने वाले आदतन बदमाश के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है। रतनपुर पुलिस ने आरोपी को हेलीपेड रतनपुर के पास से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से धारदार चाकू जब्त कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार 21 अगस्त 2026 को रतनपुर थाना को सूचना मिली थी कि कोरबाभावर रतनपुर निवासी एक युवक हेलीपेड रतनपुर के पास हाथ में धारदार चाकू लेकर आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी निलेश पाण्डेय ने इसकी जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी और तत्काल कार्रवाई के निर्देश प्राप्त किए।
इसके बाद पुलिस टीम गठित कर हेलीपेड रतनपुर क्षेत्र में रवाना की गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। इस दौरान एक युवक हाथ में चाकू लहराते हुए मिला। पुलिस ने उसे पकड़कर उसके कब्जे से धारदार चाकू बरामद किया। पकड़े गए आरोपी की पहचान नवीन इंदूवा पिता मनीराम उम्र 24 वर्ष, निवासी कोरबाभावर रतनपुर, थाना रतनपुर, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। पुलिस जांच में आरोपी का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। आरोपी को निगरानी बदमाश बताया जा रहा है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया और उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। जहां से आरोपी को जेल भेज दिया गया है। रतनपुर पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने और आम लोगों में सुरक्षा का माहौल कायम रखने के लिए ऐसे बदमाशों पर लगातार नजर रखी जा रही है। सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर घूमने या लोगों को भयभीत करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस तरह की घटनाएं आम नागरिकों की सुरक्षा को
प्रभावित करती
हैं। इसलिए पुलिस द्वारा सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति हथियार लेकर घूमता है या किसी प्रकार की आपराधिक गतिविधि में शामिल दिखाई देता है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रतनपुर निरीक्षक निलेश पाण्डेय, प्रधान आरक्षक दिनेश कांत और पवन ठाकुर की विशेष भूमिका रही। पुलिस टीम की तत्परता से आरोपी को समय रहते गिरफ्तार कर लिया गया। रतनपुर पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अपराध नियंत्रण के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। आदतन अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि लोगों को सुरक्षित वातावरण मिल सके।
Tags: