Raipur रायपुर। सार्वजनिक स्थान पर चाकू लहराकर लोगों को डराने वाले बदमाश के खिलाफ थाना मुजगहन पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से स्टील का बटनदार चाकू बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार डीसीपी पश्चिम जोन रायपुर के निर्देश पर क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना मुजगहन पुलिस को सूचना मिली कि कमल विहार सेक्टर-11 स्थित एक्सिस बैंक के पीछे एक युवक अवैध रूप से चाकू लेकर घूम रहा है और आने-जाने वाले लोगों को चाकू लहराकर डरा-धमका रहा है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ा। पूछताछ में आरोपी की पहचान रोहितेश चंद्राकर पिता रमेश चंद्राकर उम्र 21 वर्ष निवासी कमल विहार सेक्टर-11 एक्सिस बैंक के पीछे डूंडा थाना मुजगहन रायपुर के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपी की तलाशी ली तो उसके कब्जे से एक स्टील का बटनदार चाकू बरामद किया गया। आरोपी के पास चाकू रखने और सार्वजनिक स्थान पर उसका प्रदर्शन कर लोगों में भय का माहौल बनाने पर उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 236/2026 धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष रिमांड के लिए पेश किया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर घूमने वाले और लोगों में भय उत्पन्न करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Tags: