Raigarh. रायगढ़। अभियान संवेदना के तहत चक्रधरनगर पुलिस ने लापता 17 वर्षीय नाबालिग बालिका को ओडिशा के हिमगीर से बरामद किया है। मामले में पुलिस ने आरोपी युवक मनीष सिदार उर्फ साहिल को दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक्टिवा स्कूटी क्रमांक CG 13 AA 4590 भी जब्त की है। जानकारी के अनुसार 31 अगस्त 2026 को चक्रधरनगर थाना क्षेत्र की एक महिला ने अपनी 17 वर्षीय पुत्री के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि किशोरी 13 अगस्त की शाम बिना बताए घर से चली गई थी। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 440/2026 के तहत बीएनएस की धारा 137(2) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि नाबालिग बालिका संदेही मनीष सिदार उर्फ साहिल के साथ ओडिशा के हिमगीर इलाके में रह रही है। इसके बाद चक्रधरनगर पुलिस की टीम ने हिमगीर में दबिश दी। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी और बालिका मोबाइल बंद कर मकान बदलकर दूसरे स्थान पर चले गए थे। पुलिस ने लगातार पतासाजी जारी रखी और 2 सितंबर 2026 को सुंदरगढ़ जिले के हिमगीर स्थित एक किराए के मकान से बालिका को दस्तयाब कर लिया। उसे रायगढ़ लाया गया, जबकि आरोपी उस समय मौके से फरार हो गया था। बालिका का बयान महिला पुलिस अधिकारी द्वारा दर्ज कराया गया। इसके अलावा सीडब्ल्यूसी के माध्यम से उसकी काउंसलिंग और न्यायालय में कथन की कार्रवाई भी कराई गई। पुलिस के अनुसार पीड़िता और गवाहों के कथनों के आधार पर यह सामने आया कि आरोपी नाबालिग होने की जानकारी के बावजूद उसके साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाता रहा।
इसके बाद पुलिस ने प्रकरण में बीएनएस की धारा 87, 64(2)(M) और पॉक्सो एक्ट की धारा 6 जोड़ी। आरोपी की तलाश लगातार जारी रखी गई। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह बालिका को करीब चार वर्षों से जानता था और दोनों के बीच इंस्टाग्राम के माध्यम से बातचीत होती थी। आरोपी के कथन के अनुसार 14 अगस्त 2026 को उसने अपना मोबाइल फोन एक दोस्त के पास गिरवी रखकर 6 हजार रुपए लिए और एक्टिवा स्कूटी से बालिका को हिमगीर स्थित अपने एक परिचित के घर लेकर गया। कुछ समय तक दोनों वहीं रहे। पुलिस की दबिश के बाद आरोपी ने कथित रूप से अपना ठिकाना बदल लिया और दूसरे किराए के मकान में रहने लगा। 2 सितंबर को चक्रधरनगर पुलिस और ओडिशा पुलिस की टीम के पहुंचने पर आरोपी अपनी स्कूटी छोड़कर मौके से फरार हो गया था। बाद में पुलिस ने घटना में इस्तेमाल एक्टिवा स्कूटी क्रमांक CG 13 AA 4590 को ओडिशा से रायगढ़ लाकर जब्त किया। आरोपी साहिल सिदार उर्फ मनीष, पिता उदल सिदार, उम्र 19 वर्ष, निवासी चक्रधरनगर के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उसे गिरफ्तार किया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। बालिका की पतासाजी और आरोपी की गिरफ्तारी में महिला उप निरीक्षक मनीषा धुर्वे, उप निरीक्षक गेंदलाल साहू और पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।