मर्जी के खिलाफ शादी से परेशान नाबालिग नवविवाहिता ने खाया जहर, इलाज के दौरान मौत
छत्तीसगढ़
Balrampur बलरामपुर: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र में एक नाबालिग नवविवाहिता की जहर सेवन से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवती की शादी उसकी मर्जी के खिलाफ कराई गई थी। इलाज के दौरान अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उसकी मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, राजपुर थाना अंतर्गत ग्राम नरसिंहपुर निवासी 17 वर्षीय चांदनी जायसवाल की शादी 5 मई को सूरजपुर जिले के ग्राम अखोराकला निवासी वीरेंद्र जायसवाल से सामाजिक रीति-रिवाज के साथ हुई थी। शादी के बाद युवती ने अपने पति को बताया कि वह किसी दूसरे युवक को पसंद करती है और यह शादी उसकी इच्छा के खिलाफ कराई गई है।
बताया गया कि यह बात सामने आने के बाद 8 मई को मायके पक्ष के लोग उसे अपने साथ घर ले गए। 15 मई की सुबह युवती घर में अकेली थी। इसी दौरान उसने अपने पिता को फोन कर बताया कि उसने जहर खा लिया है। परिजन तुरंत घर पहुंचे और उसे राजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस को दिए बयान में परिजनों ने बताया कि युवती का जशपुर जिले के एक युवक से प्रेम संबंध था और वह उसी से शादी करना चाहती थी। परिजनों ने अलग समाज का होने का हवाला देकर शादी से इनकार कर दिया था। इसके बाद जल्दबाजी में उसकी शादी दूसरी जगह तय कर दी गई थी। फिलहाल पुलिस परिजनों के बयान के आधार पर मामले की जांच कर रही है।