सूरजपुर हाईवे पर बाइक टक्कर में नाबालिग की मौत, दूसरा घायल

छग

Update: 2026-06-08 17:49 GMT
Ambikapur. अंबिकापुर। नेशनल हाईवे-43 पर अंबिकापुर-सूरजपुर मुख्य मार्ग में दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में एक नाबालिग की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, सूरजपुर जिले के रामानुजनगर थाना क्षेत्र के ग्राम मोहनपुर निवासी 15 वर्षीय अगस्त बाबू अपने फुफेरे भाई अमरूद के साथ रविवार को बाइक से अंबिकापुर गया था। दोनों शाम को वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान नेशनल हाईवे-43 पर सूरजपुर जिले के ग्राम मानी और पोड़ी के बीच उनकी बाइक की सामने से आ रही दूसरी बाइक से जोरदार टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तत्काल सूरजपुर जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद सोमवार को हालत गंभीर होने पर नाबालिग अगस्त बाबू को मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर रेफर किया गया। अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। डॉक्टरों के अनुसार, उसे सिर में गंभीर चोटें और अंदरूनी चोटें आई थीं, जो जानलेवा साबित हुईं। हादसे के बाद परिवार में शोक का माहौल है।

हादसे में बाइक पर पीछे बैठे अमरूद को पैर में चोट आई है। उसका इलाज सूरजपुर अस्पताल में चल रहा है और उसकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बाइक नाबालिग अगस्त बाबू चला रहा था और दोनों ने हेलमेट नहीं पहना था, जिससे चोटें गंभीर हो गईं। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज के सहायता केंद्र पुलिस ने मृतक के परिजनों का बयान दर्ज किया है। वहीं, शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया की जा रही है।

पुलिस ने बताया कि दुर्घटना से संबंधित मर्ग डायरी सूरजपुर अस्पताल भेजी जा रही है ताकि आगे की कानूनी कार्रवाई की जा सके। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि दूसरी बाइक सवार की भूमिका क्या थी और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ। स्थानीय लोगों ने बताया कि यह मार्ग काफी व्यस्त है और यहां अक्सर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण दुर्घटनाएं होती रहती हैं। लोगों ने सड़क सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और निगरानी बढ़ाने की मांग की है। यह हादसा एक बार फिर नाबालिग द्वारा वाहन चलाने और हेलमेट न पहनने के खतरों को उजागर करता है।
Tags:    

Similar News