ट्रिपल आईटी में चेकिंग पर बिफरे मंत्रालयीन कर्मी, AI ट्रेनिंग के दौरान गेट पर रोके गए अधिकारी

छत्तीसगढ़

Update: 2026-05-13 17:28 GMT
Chhattisgarh छत्तीसगढ़: रायपुर स्थित ट्रिपल आईआईटी में चल रहे डिजिटल दक्षता और एआई प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान बुधवार को उस समय विवाद की स्थिति बन गई, जब मंत्रालयीन अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रवेश के समय गेट पर रोक दिया गया। इस दौरान सुरक्षा जांच और आईडी वेरिफिकेशन को लेकर कर्मचारियों और निजी सुरक्षा कर्मियों के बीच असहज स्थिति बन गई।
जानकारी के अनुसार, सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) की ओर से आयोजित एक माह के प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल अधिकारियों को सुबह निर्धारित समय पर परिसर में प्रवेश मिलना था, लेकिन 10:30 बजे पहुंचे कर्मचारियों को करीब 20 मिनट तक गेट पर रोके रखा गया। बाद में 10:50 बजे प्रवेश दिया गया, लेकिन इससे पहले आईडी जांच और रजिस्टर एंट्री की प्रक्रिया को लेकर असंतोष देखा गया।
कर्मचारियों का कहना है कि उप सचिव स्तर के अधिकारी को भी गेट पर रोककर आईडी जांच के बाद ही प्रवेश दिया गया, जो मंत्रालयीन गरिमा के विपरीत है। उनका आरोप है कि अत्यधिक गर्मी में बाहर खड़ा रखा गया, जबकि प्रतिभागियों की सूची पहले से प्रशासन को उपलब्ध थी।
कुछ अधिकारियों ने इसे अनावश्यक सख्ती बताते हुए कहा कि सुरक्षा जांच जरूरी है, लेकिन इस तरह का व्यवहार उचित नहीं था। वहीं, कर्मचारियों ने यह भी सवाल उठाया कि जब प्रशासन अकादमी, निमोरा में पहले से प्रशिक्षण सुविधा उपलब्ध है, तो ट्रिपल आईटी में कार्यक्रम आयोजित करने का औचित्य क्या है। मंत्रालयीन कर्मचारियों ने इस मामले को लेकर अपने संघ के माध्यम से आपत्ति दर्ज कराने की बात कही है और उच्च स्तर पर शिकायत करने की तैयारी भी जताई है।
Tags:    

Similar News