खनिज विभाग की ताबड़तोड़ कार्रवाई, धरसीवा में चार क्रेशर सील

छग

Update: 2026-04-04 18:24 GMT
Raipur. रायपुर। रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश एवं डिप्टी डायरेक्टर खनिज राजेश मालवे के मार्गदर्शन में खनिज विभाग ने शनिवार को धरसीवा विधानसभा क्षेत्र में ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए चार क्रेशर सील कर दिए। यह कार्रवाई धरसीवा विधानसभा के खरोरा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम धनसुली और मुरा में की गई। सहायक खनिज अधिकारी उमेश भार्गव के नेतृत्व में टीम ने अचानक छापा मारकर चूना पत्थर खदानों और क्रेशर इकाइयों की विस्तृत जांच की। निरीक्षण के दौरान ग्राम धनसुली स्थित श्री महालक्ष्मी लाइम स्टोन (प्रो. जितेन्द्र अग्रवाल), आशापुरा स्टोन क्वारी (प्रो. बाड़ीलाल पटेल), आशीष अग्रवाल की खदान और राजेश भवनानी का क्रेशर, वहीं ग्राम मुरा स्थित रीराम इंटरप्राइजेज (प्रो. प्रकाश आडवाणी) की इकाई का निरीक्षण किया गया। जांच में पाया गया कि कई खदानों में खनिज एवं पर्यावरण नियमों का उल्लंघन करते हुए खनन कार्य किया जा रहा था।

इसके अलावा क्रेशर इकाइयों में स्वीकृत क्षमता से अधिक भंडारण और अवैध भंडारण भी सामने आया। गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए चार क्रेशर को सील कर बंद कर दिया। संबंधित संचालकों को नोटिस जारी किया गया है और उन्हें नियमों के अनुसार जवाब देने के लिए कहा गया है। खनिज विभाग की इस कार्रवाई से स्पष्ट संदेश गया है कि अवैध खनन और नियमों के उल्लंघन पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा। तीन दिन पूर्व विभाग ने मंदिरहसौद क्षेत्र में भी इसी तरह की कार्रवाई करते हुए कई
इकाइयों
को सील किया था। लगातार हो रही ये कार्रवाइयां अवैध खनन पर सख्ती का संकेत देती हैं। खनिज विभाग की टीम ने बताया कि कार्रवाई के दौरान सभी दस्तावेज, खनन रिकॉर्ड और पर्यावरण प्रमाणपत्रों की भी जांच की गई। जो इकाइयां नियमों के अनुसार काम नहीं कर रही थीं, उन्हें तत्काल सील कर बंद कर दिया गया। प्रशासन ने स्थानीय निवासियों और खनिज उद्योग संचालकों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और किसी भी प्रकार की अनियमितता में शामिल न हों। विभाग ने भविष्य में नियमित निरीक्षण जारी रखने और नियमों के उल्लंघन करने वाले किसी भी संचालक के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की चेतावनी भी दी है।
Tags:    

Similar News