बसंत पंचमी पर लोकभवन में मेधावी छात्रों का किया सम्मान

छग

Update: 2026-01-23 14:38 GMT
Raipur. रायपुर। बसंत पंचमी के पावन अवसर पर छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित लोकभवन में प्रतिभा, परिश्रम और समर्पण का उत्सव देखने को मिला। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने माननीय राज्यपाल श्री रमेन डेका की गरिमामयी उपस्थिति में पंडित दीनदयाल उपाध्याय मेधावी छात्र प्रोत्साहन योजना के तहत कक्षा 10वीं एवं 12वीं के 239 मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर प्रत्येक छात्र को डेढ़-डेढ़ लाख रुपये की सम्मान राशि के साथ प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आप सभी छात्र हमारे प्रदेश और देश का भविष्य हैं। आपकी यह सफलता न केवल आपके परिवार, बल्कि पूरे समाज और राज्य के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की इस उपलब्धि के पीछे शिक्षकों का मार्गदर्शन और अभिभावकों का आशीर्वाद अहम भूमिका निभाता है, जिनके सहयोग से छात्र इस मुकाम तक पहुंचते हैं। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को निरंतर मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करना राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है, ताकि वे आत्मविश्वास के साथ अपने सपनों को साकार कर सकें और प्रदेश के विकास में भागीदार बनें। इस अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका ने भी मेधावी छात्रों को बधाई दी और कहा कि ऐसे सम्मान छात्रों में प्रतिस्पर्धात्मक भावना और आत्मविश्वास को बढ़ाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे अपनी प्रतिभा का उपयोग समाज और राष्ट्र निर्माण में करें। बसंत पंचमी के अवसर पर मां सरस्वती का स्मरण करते हुए मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि मां सरस्वती की कृपा से आप सभी निरंतर आगे बढ़ते रहें और नई ऊंचाइयों को छूते रहें, यही मेरी शुभकामना है। कार्यक्रम के दौरान लोकभवन का वातावरण उत्साह, प्रेरणा और गौरव से परिपूर्ण नजर आया।
Tags:    

Similar News