Rajnandgaon. राजनांदगांव। महापौर मधुसूदन यादव ने आज सुबह स्टेशन पारा और शिक्षक नगर क्षेत्र का वार्ड निरीक्षण किया। इस दौरान महापौर ने त्योहारों से पहले सफाई व्यवस्था, अंडर ब्रिज में पानी भरने की समस्या और रोड-नाली निर्माण के लिए तकनीकी अधिकारियों को निर्देशित किया। महापौर मधुसूदन यादव अपने वार्ड भ्रमण में स्टेशन पारा पहुंचे और निगम अध्यक्ष टोपेन्द्र सिंह पारस वर्मा और पार्षद संदीप बघेल के साथ क्षेत्र की सफाई का जायजा लिया। उन्होंने निर्माणाधीन अंडर ब्रिज में पानी भरने की समस्या देख संबंधित अधिकारियों से कहा कि पानी की निकासी की व्यवस्था तत्काल प्राथमिकता से की जाए। उन्होंने कहा कि पानी भरने के कारण बच्चों के गिरने और दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा है, जिसे ध्यान में रखते हुए निकासी कार्य जल्द संपन्न किया जाए। महापौर ने अंडर ब्रिज निर्माण की प्रगति की जानकारी भी ली और कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। स्टेशन पारा क्षेत्र में सफाई निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र श्रमिक-बहुल्य और सघन आबादी वाला है।
जिससे संक्रामक रोग फैलने का जोखिम रहता है। उन्होंने अधिकारियों को पूरी वार्ड में समुचित सफाई, कचरा नियमित उठाने, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण और गीले-सूखे कचरे के अलग-अलग निपटान के निर्देश दिए। सभी कर्मचारियों को निर्धारित समय तक कार्य पूरा करने की जिम्मेदारी सौंपी गई। शिक्षक नगर क्षेत्र का निरीक्षण करते हुए महापौर ने रोड और नाली निर्माण की मांग पर तकनीकी अधिकारी को प्रस्ताव तैयार करने और जल्द कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आगामी दिवाली त्योहार को देखते हुए पूरे शहर में सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए। महापौर ने साफ-सफाई, जल निकासी और निर्माण कार्य में निगरानी बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए। वार्ड वासियों को भी कचरा न फेंकने, गीला और सूखा कचरा अलग-अलग करने तथा सफाई व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की। इस निरीक्षण में वार्डवासी, निगम अमला और तकनीकी अधिकारी उपस्थित रहे। महापौर ने कहा कि त्योहारों के समय स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण बनाए रखना प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि नियमित निगरानी और निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था और दुर्घटना की संभावना समाप्त की जा सके।