भीषण आग: किसान की दो एकड़ पैरावट जलकर राख

छग

Update: 2026-03-03 14:35 GMT
Bilaspur. बिलासपुर। जिले के ग्राम विठल्दा में अज्ञात कारणों से लगी आग ने एक किसान की मेहनत पर पानी फेर दिया। आग की चपेट में आकर करीब दो एकड़ खेत में रखा पैरावट (फसल अवशेष) जलकर राख हो गया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों की तत्परता और दमकल विभाग की मदद से आग पर काबू पाया जा सका, जिससे आसपास के घरों और अन्य संपत्तियों को बचा लिया गया। जानकारी के अनुसार किसान बैसाखू राजपूत सहित अन्य किसानों का पैरावट खेत में रखा हुआ था। अचानक आग लगने से देखते ही देखते लपटें तेज हो गईं और सूखा पैरावट जलने लगा। ग्रामीणों ने तुरंत आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और साथ ही दमकल विभाग को सूचना दी।

आग तेजी से फैल रही थी और पास में रिहायशी मकान भी मौजूद थे। ऐसे में ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर पहले घरों और मकानों को सुरक्षित करने का प्रयास किया। दमकल की टीम मौके पर पहुंची और काफी प्रयासों के बाद आग पर काबू पाया गया। किसान बैसाखू राजपूत ने बताया कि पैरावट के साथ-साथ मवेशियों के लिए रखा चारा, कटिया और अन्य चारागाह सामग्री भी आग में जल गई। इससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि यह चारा पूरे साल मवेशियों के काम आता, लेकिन अब सबकुछ जलकर नष्ट हो गया।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित किसान को उचित मुआवजा दिया जाए, ताकि वह अपने नुकसान की भरपाई कर सके। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासनिक अमला मामले की जानकारी जुटा रहा है। इस घटना ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। गर्मी के मौसम में खेतों में सूखी फसल और अवशेष होने के कारण आग की घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। ग्रामीणों ने अपील की है कि प्रशासन आग से बचाव के लिए जागरूकता अभियान चलाए और प्रभावित किसान को शीघ्र राहत प्रदान करे।
Tags:    

Similar News