Raipur. रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र में बंजारी मंदिर के पीछे स्थित मंगलम ट्रांसपोर्ट के गोदाम में भीषण आग लगने की घटना सामने आई है। आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के रिहायशी क्षेत्र को एहतियातन खाली कराया गया। जानकारी के अनुसार, गोदाम में अचानक आग भड़क उठी, जिसके बाद धुआं और लपटें तेजी से फैलने लगीं। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड को बुलाया गया और दमकल की तीन गाड़ियां मौके के लिए रवाना की गईं। आग पर काबू पाने के प्रयास लगातार जारी हैं।
गोदाम में आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक तौर पर किसी शॉर्ट सर्किट या अन्य कारण की संभावना जताई जा रही है, लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हुई है। आग की तीव्रता को देखते हुए दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, आग लगने के बाद कुछ ही मिनटों में गोदाम से ऊंची-ऊंची लपटें और धुआं उठने लगा, जिससे आसपास का इलाका प्रभावित होने लगा। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर भीड़ को हटाया और आसपास के घरों को खाली कराया।
प्रशासनिक टीम भी मौके पर पहुंच गई है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। फिलहाल किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं मिली है, लेकिन गोदाम में रखे सामान को काफी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। फायर ब्रिगेड की टीम लगातार आग बुझाने के प्रयास में जुटी हुई है और आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित करने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि आग पूरी तरह काबू में आने के बाद ही नुकसान का आकलन किया जा सकेगा। खमतराई थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।