बीजापुर में 30 नक्सलियों का सामूहिक आत्मसमर्पण, गृहमंत्री ने सुरक्षाबलों को दी बधाई
छग
Bijapur.बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत बुधवार को पुलिस और केंद्रीय बलों को बड़ी कामयाबी मिली है। यहां कुल 30 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया, जिनमें से 20 पर कुल 81 लाख रुपये का इनाम घोषित था। आत्मसमर्पण करने वालों में डीवीसीएम सोनू हेमला उर्फ कोरोटी (8 लाख इनामी) भी शामिल है, जिसने अपनी पत्नी के साथ हथियार डाल दिए। आत्मसमर्पण कार्यक्रम पुलिस और केंद्रीय बल अधिकारियों की मौजूदगी में हुआ। नक्सलियों को 50-50 हजार रुपये का चेक पुनर्वास सहायता के रूप में प्रदान किया गया। इस अवसर पर दंतेवाड़ा रेंज के उप पुलिस महानिरीक्षक कमलोचन कश्यप, बस्तर रेंज के आईजी बीएस नेगी, बीजापुर एसपी डॉ. जितेन्द्र यादव समेत कोबरा, केरिपु और डीआरजी अधिकारी मौजूद रहे।
आत्मसमर्पण का कारण
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इन नक्सलियों ने संगठन में आंतरिक मतभेद, विचारधारा से मोहभंग, ग्रामीणों तक शासन की योजनाओं की पहुंच और परिवार के साथ सुरक्षित जीवन जीने की चाहत के चलते आत्मसमर्पण किया है।
सुरक्षा कैंप, सड़क, बिजली, पानी और शासन की योजनाएं अब ग्रामीणों तक पहुंच रही हैं।
नक्सली संगठन की कठोर विचारधारा से युवा अब दूरी बना रहे हैं।
सुरक्षा बलों के लगातार संवाद और भरोसे ने भी नक्सलियों को मुख्यधारा में आने के लिए प्रेरित किया।
आत्मसमर्पण करने वाले प्रमुख नक्सली
सोनू हेमला उर्फ कोरोटी – DVCM, इनाम ₹8 लाख
कल्लू पूनेम उर्फ रंजीत – PPCM, कंपनी नं. 02, इनाम ₹8 लाख
कोसी कुंजाम – PPCM, कंपनी नं. 02, इनाम ₹8 लाख
मोटी पूनेम उर्फ हड़मे – पार्टी सदस्य, कंपनी नं. 02, इनाम ₹8 लाख
पांडे पूनेम – कंपनी सदस्य, इनाम ₹8 लाख
छोटू कुंजाम उर्फ बडडे – PLGA सदस्य, इनाम ₹8 लाख
मंगली पोटाम – ACM, दक्षिण सब जोनल ब्यूरो, इनाम ₹5 लाख
बोटी ओयाम उर्फ लालू – ACM, इंद्रावती एरिया कमेटी, इनाम ₹5 लाख
मंगली मोड़ियम – भैरमगढ़ एरिया कमेटी सदस्य, इनाम ₹2 लाख
सोमड़ी अवलम – प्लाटून सदस्य नं. 10, इनाम ₹2 लाख
पांडे पूनेम – प्लाटून सदस्य नं. 02, इनाम ₹2 लाख
छोटू कुंजाम उर्फ रेखा – प्लाटून नं. 11, इनाम ₹2 लाख
सोमारी कलमू – प्लाटून नं. 12, इनाम ₹2 लाख
सुकड़ी गावड़े उर्फ शामबती – पार्टी सदस्य, K.K. सब डिवीजन ब्यूरो, इनाम ₹2 लाख
विमला पूनेम – नेशनल एरिया कमेटी सदस्य, इनाम ₹2 लाख
मंगडू अवलम उर्फ मांझी – दक्षिण सब जोनल ब्यूरो सप्लाई टीम, इनाम ₹2 लाख
महादेव ताती उर्फ मनकू – गंगालूर एरिया कमेटी सदस्य, इनाम ₹2 लाख
छोटू कुंजाम – PLGA सदस्य, इनाम ₹2 लाख
राजू मड़कम – CNM सदस्य, ताकीलोड RPC, इनाम ₹50 हजार
बामन कोवासी उर्फ कोर्राम – CNM सदस्य, इनाम ₹50 हजार
इसके अलावा जनताना सरकार उपाध्यक्ष, सदस्य, मिलिशिया प्लाटून और DAKMS से जुड़े कई कार्यकर्ता भी संगठन छोड़कर मुख्यधारा से जुड़े हैं।
अब तक की उपलब्धियां
1 जनवरी 2025 से अब तक
331 नक्सली गिरफ्तार
307 ने आत्मसमर्पण किया
132 मुठभेड़ों में मारे गए
2024 की शुरुआत से अब तक
834 नक्सली गिरफ्तार
496 ने आत्मसमर्पण किया
190 मुठभेड़ों में मारे गए
यह आंकड़े सुरक्षा बलों की लगातार बढ़ती पकड़ और ग्रामीणों के बीच शासन की योजनाओं के असर को दर्शाते हैं।
पुलिस का बयान
बीजापुर पुलिस और दंतेवाड़ा रेंज अधिकारियों ने कहा कि यह सामूहिक आत्मसमर्पण जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान की बड़ी सफलता है। अधिकारियों के मुताबिक, “नक्सल प्रभावित इलाकों में विकास कार्यों और सुरक्षा बलों की सक्रियता से अब ग्रामीण शांति और विकास की राह चुन रहे हैं। आने वाले दिनों में और भी नक्सलियों के आत्मसमर्पण की संभावना है।”