Bilaspur. बिलासपुर। कांग्रेस के संभाग स्तरीय संगठन सृजन एवं प्रशिक्षण शिविर के समापन अवसर पर पहुंचे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा को लेकर बड़ा सियासी दावा किया है। बैज ने कहा कि भाजपा में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है और पार्टी के कई नाराज नेता कांग्रेस के संपर्क में हैं। उन्होंने मंत्री खुशवंत साहेब के भाई के कांग्रेस में शामिल होने का जिक्र करते हुए इसे शुरुआत बताया और दावा किया कि आने वाले समय में कई लोग कांग्रेस में शामिल होंगे।

दीपक बैज ने कहा, “बीजेपी के नाराज फूफा हमारे संपर्क में हैं। अभी कई बड़े धमाके होंगे।” हालांकि उन्होंने संपर्क में होने का दावा किए गए नेताओं के नामों का खुलासा नहीं किया। कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए नेताओं पर भी बैज ने निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस में रहते हुए जो नेता उनके साथ चलते थे, भाजपा में जाने के बाद वे पीछे की लाइन में भी दिखाई नहीं देते। बैज का कहना था कि कांग्रेस में कार्यकर्ताओं को अवसर दिया जाता है, जबकि भाजपा में कार्यकर्ताओं की बात नहीं सुनी जाती। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस छोड़कर भाजपा में गए कई लोग अब वापसी के लिए तैयार हैं।

सीएम साय को लेकर विवादित बयान
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को लेकर भी दीपक बैज ने तीखी टिप्पणी की। उन्होंने कहा, “हम सीएम को आदिवासी नहीं मानते, वो तो वनवासी हैं। आदिवासी होते तो विश्व आदिवासी दिवस की बधाई देते।” उनके इस बयान से प्रदेश की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो सकता है। बैज ने कोल ब्लॉक और प्रदेश की खनिज संपदा को लेकर भी राज्य सरकार पर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि सरकार की नीतियों से पूंजीपतियों को फायदा पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि जल, जंगल और जमीन के मुद्दे पर कांग्रेस आने वाले समय में बड़ी लड़ाई लड़ेगी। हाथी-मानव द्वंद्व और पर्यावरण से जुड़े मुद्दों को लेकर भी उन्होंने सरकार को घेरा।

शराब को लेकर सरकार पर आरोप
शराब के मुद्दे पर बैज ने नकली शराब, होलोग्राम और पैकिंग को लेकर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने प्रदेश में शराब सिंडिकेट संचालित होने का दावा करते हुए सवाल किया कि कथित नेटवर्क से आने वाला पैसा और कमीशन आखिर कहां तक पहुंच रहा है। भाजपा की युवा मतदाताओं तक पहुंच बनाने की कोशिशों पर भी उन्होंने तंज कसा। बैज ने कहा कि भाजपा अब जेन-जी को साधने में जुटी है और उसके नेता रील तथा डांस कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि 2028 के बाद भाजपा नेताओं के पास कोई काम नहीं रहेगा।

2028 के लिए कांग्रेस का रोडमैप तैयार
अगले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की ओर से मुख्यमंत्री का चेहरा कौन होगा, इस सवाल पर बैज ने कहा कि मुद्दा मुख्यमंत्री कौन बनेगा यह नहीं, बल्कि मौजूदा सरकार को सत्ता से हटाने का है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं में सामंजस्य होने का दावा करते हुए भाजपा नेताओं पर तंज कसा। बैज के मुताबिक 2028 के विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस का रोडमैप तैयार है। किसान, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और नगरीय निकायों की स्थिति जैसे मुद्दों पर पार्टी सरकार को घेरेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता “अर्जुन बनकर निकलेगा और मछली की आंख पर निशाना होगा।”
Tags: