मोपका में घर में घुसकर युवक पर चाकू से हमला, नकाबपोश बदमाश फरार

छग

Update: 2026-04-10 12:11 GMT
Bilaspur. बिलासपुर। मोपका क्षेत्र के बंजारीपारा में उस समय सनसनी फैल गई जब एक युवक पर उसके ही घर में घुसकर चाकू से हमला कर दिया गया। यह घटना शाम करीब 5:30 बजे की बताई जा रही है, जब तीन नकाबपोश बदमाश विनय कुमार साहू के घर पहुंचे और अचानक हमला कर फरार हो गए। जानकारी के अनुसार, विनय कुमार साहू (30 वर्ष) जैसे ही अपने घर का दरवाजा खोलने पहुंचे, बाहर खड़े एक आरोपी ने उन पर धारदार चाकू से हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से वह घबरा गए और जोर-जोर से शोर मचाने लगे। शोर सुनकर आसपास के लोग और परिजन मौके की ओर दौड़े, लेकिन इससे पहले ही तीनों हमलावर वहां से फरार हो गए।

घटना के बाद घायल विनय साहू को परिजनों ने तत्काल उपचार के लिए सिम्स अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पीड़ित ने इस घटना की जानकारी सिम्स चौकी पुलिस को भी दी है और शिकायत दर्ज कराई है। विनय साहू ने आशंका जताई है कि आरोपी लूटपाट के इरादे से उनके घर में घुसे थे। उन्होंने बताया कि हमलावरों ने दरवाजा खुलवाने के लिए शादी का कार्ड देने का बहाना बनाया था। इसी झांसे में आकर जैसे ही उन्होंने दरवाजा खोला, उन पर हमला कर दिया गया।

पीड़ित के अनुसार, तीनों हमलावरों ने अपने चेहरे ढक रखे थे और अलग-अलग रंग के नकाब पहने हुए थे। इनमें से एक आरोपी ने सफेद रंग का नकाब पहन रखा था, जिसने सीधे उन पर चाकू से हमला किया। अन्य दो आरोपी बाहर खड़े रहे और वारदात के बाद मौके से भाग निकले। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने इस तरह की वारदात पर चिंता जताते हुए पुलिस से सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में यह मामला लूट या आपसी रंजिश से जुड़ा हो सकता है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान के लिए टीम गठित कर दी गई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल घायल युवक के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Tags:    

Similar News