CG Weather: छत्तीसगढ़ में मौसम का बड़ा उलटफेर, चक्रवाती तूफान से भारी बारिश का खतरा
रायपुर। छत्तीसगढ़ में ठंड की दस्तक के बीच एक बार फिर मौसम बदलने के संकेत मिल रहे हैं। बंगाल की खाड़ी में बन रहे चक्रवाती तूफान के प्रभाव से प्रदेश में बारिश का नया दौर शुरू हो सकता है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 27 अक्टूबर से बारिश की गतिविधियां बढ़ने और 28 से 30 अक्टूबर के बीच कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।
प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है। सुबह और रात के समय हल्की ठंड महसूस होने लगी है। हालांकि, आने वाले दिनों में चक्रवाती सिस्टम के प्रभाव से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। राजधानी रायपुर में 25 अक्टूबर को मौसम मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है। सुबह के समय हल्की ठंड का अहसास हो रहा है। दिन में मौसम सामान्य रहने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान रायपुर का अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
फिलहाल राजधानी में बारिश की संभावना नहीं जताई गई है। हालांकि, अगले दो दिनों के बाद मौसम में बदलाव के संकेत हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान छत्तीसगढ़ में मौसम शुष्क रहा। प्रदेश के किसी भी हिस्से में उल्लेखनीय बारिश दर्ज नहीं की गई।
इस दौरान बेमेतरा में सबसे अधिक तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, अंबिकापुर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। 25 अक्टूबर को भी प्रदेश के अधिकांश इलाकों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में सक्रिय कम दबाव का क्षेत्र 25 अक्टूबर तक गहरे अवदाब में बदल सकता है। इसके बाद 26 अक्टूबर की सुबह तक इसके चक्रवाती तूफान का रूप लेने की संभावना है।
यह मौसम प्रणाली उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ सकती है और 28 अक्टूबर के आसपास आंध्र प्रदेश के तट के करीब पहुंचने के आसार हैं। इस चक्रवाती सिस्टम का सबसे अधिक प्रभाव आंध्र प्रदेश और ओडिशा में पड़ने की आशंका है। इसके अलावा छत्तीसगढ़ सहित मध्य और पूर्वी भारत के अन्य राज्यों के मौसम पर भी इसका असर पड़ सकता है।
छत्तीसगढ़ में 27 अक्टूबर से बारिश की गतिविधियां बढ़ने का पूर्वानुमान है। इसके बाद 28 से 30 अक्टूबर के बीच प्रदेश के कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है। रायपुर सहित मध्य और दक्षिणी छत्तीसगढ़ के इलाकों में भी भारी से अतिभारी बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, इस दौरान बादल गरजने और चमकने के साथ तेज हवाएं भी चल सकती हैं। प्रदेश में अगले दो दिनों के बाद मौसम में बदलाव आने के आसार हैं। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश होने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही बिजली गिरने की भी आशंका है। मौसम में होने वाले इस बदलाव से किसानों की परेशानी बढ़ सकती है।
इससे पहले 24 और 25 सितंबर को डीप डिप्रेशन के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में लगातार बारिश हुई थी। उस दौरान कई इलाकों में नदी-नाले उफान पर आ गए थे और कुछ स्थानों पर बाढ़ की स्थिति बन गई थी। अब अक्टूबर के अंतिम दिनों में फिर भारी बारिश की संभावना जताई गई है। हालांकि, सितंबर जैसी स्थिति दोबारा बनेगी या नहीं, यह अभी स्पष्ट नहीं है। फिलहाल प्रदेश में मौसम शुष्क है, लेकिन 27 अक्टूबर से बारिश की गतिविधियां बढ़ने का पूर्वानुमान है।