खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में यातायात पुलिस का बड़ा अभियान

छग

Update: 2026-07-17 15:00 GMT
Khairagarh. खैरागढ़। जिले में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रभावी पालन को लेकर केसीजी पुलिस और परिवहन विभाग ने जुलाई माह के प्रथम पखवाड़े में विशेष अभियान चलाया। अभियान के तहत यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। 1 जुलाई 2026 से 16 जुलाई 2026 तक चलाए गए इस अभियान में कुल 279 प्रकरणों में कार्रवाई करते हुए 1 लाख 35 हजार 200 रुपये का अर्थदंड वसूला गया।

जिला केसीजी पुलिस टीम द्वारा यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण के उद्देश्य से लगातार जागरूकता कार्यक्रम एवं जांच अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में जुलाई माह के पहले पखवाड़े में यातायात पुलिस और परिवहन विभाग ने विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया। अभियान के दौरान आरटीओ दस्तावेज अद्यतन शिविर, सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम और स्कूली वाहनों का विशेष निरीक्षण प्रमुख रूप से शामिल रहा। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यातायात नियमों का पालन केवल चालानी कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य लोगों में सुरक्षित वाहन संचालन की आदत विकसित करना है।

छुईखदान में आरटीओ दस्तावेज शिविर का आयोजन
दिनांक 4 जुलाई 2026 को केकती बाड़ी मैदान छुईखदान में अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी श्री अनिल भगत (राजनांदगांव) के सहयोग से आरटीओ दस्तावेज अद्यतन एवं सड़क सुरक्षा जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। इस शिविर में वाहन मालिकों को जरूरी दस्तावेज बनवाने और अपडेट कराने की सुविधा उपलब्ध कराई गई। शिविर में बड़ी संख्या में वाहन स्वामियों ने पहुंचकर विभिन्न सेवाओं का लाभ लिया। आयोजित शिविर में कुल 126 हितग्राहियों को सुविधा प्रदान की गई।

इनमें 70 लर्निंग लाइसेंस, 19 बीमा प्रमाण-पत्र, 21 प्रदूषण प्रमाण-पत्र और 16 एचएसआरपी नंबर प्लेट तैयार कराई गईं। इसके अलावा शिविर में उपस्थित लोगों को यातायात नियमों, वाहन चलाते समय सावधानियों और सड़क सुरक्षा के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। पुलिस और परिवहन विभाग के अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे वाहन चलाते समय हेलमेट, सीट बेल्ट और अन्य सुरक्षा नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें।

21 स्कूली वाहनों का किया गया निरीक्षण
जिले में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 12 जुलाई 2026 को राजा फतेह सिंह मैदान खैरागढ़ में परिवहन विभाग और जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने स्कूली वाहनों का विशेष भौतिक निरीक्षण किया। इस दौरान जिले के 21 स्कूल बस और वैन की जांच की गई। निरीक्षण में वाहनों की फिटनेस, प्रदूषण प्रमाण-पत्र, बीमा, अग्निशमन यंत्र, प्राथमिक उपचार किट, पैनिक बटन, स्पीड गवर्नर और आपातकालीन निकास द्वार सहित सभी सुरक्षा मानकों की जांच की गई।

निरीक्षण के दौरान कुछ वाहनों में तकनीकी कमियां पाए जाने पर वाहन संचालकों को दो दिन के भीतर आवश्यक सुधार करने और दोबारा निरीक्षण कराने के निर्देश दिए गए। पुलिस टीम ने स्कूल बस और वैन चालकों एवं परिचालकों को आपातकालीन परिस्थितियों में अग्निशमन यंत्र के उपयोग का प्रशिक्षण भी दिया। साथ ही स्कूल संचालकों को सर्वोच्च न्यायालय द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने की समझाइश दी गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। यदि कोई वाहन सुरक्षा मानकों की अनदेखी करता पाया गया तो उसके खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।

279 वाहन चालकों पर कार्रवाई, शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर सख्ती
यातायात पुलिस द्वारा 1 जुलाई से 16 जुलाई 2026 तक चलाए गए अभियान में अलग-अलग यातायात नियमों के उल्लंघन के मामलों में कार्रवाई की गई। इस दौरान बिना नंबर प्लेट वाहन चलाने वाले 87 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई, जिनसे 26 हजार 100 रुपये का जुर्माना वसूला गया। तीन सवारी बैठाकर वाहन चलाने के 37 मामलों में 11 हजार 100 रुपये, प्रेशर हॉर्न के 32 मामलों में 9 हजार 600 रुपये और अन्य यातायात उल्लंघनों के 27 मामलों में 8 हजार 100 रुपये का अर्थदंड लिया गया।

बिना हेलमेट वाहन चलाने के 25 मामलों में 2 हजार 500 रुपये, बिना सीट बेल्ट के 5 मामलों में 2 हजार 500 रुपये, मालवाहक वाहन में सवारी बैठाने के 2 मामलों में 600 रुपये और अन्य धाराओं के तहत 60 मामलों में 19 हजार 700 रुपये की कार्रवाई की गई। सबसे गंभीर मामलों में शराब पीकर वाहन चलाने वाले 4 वाहन चालकों पर कार्रवाई करते हुए 55 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ इश्तगासा तैयार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है। न्यायालय के निर्णय के बाद संबंधित वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई भी की जाएगी।

लगातार जारी रहेगा यातायात जागरूकता अभियान
जिला यातायात पुलिस केसीजी द्वारा चौक-चौराहों, बाजार क्षेत्रों, गांवों और विद्यालयों में लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का उद्देश्य आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सुरक्षित यातायात व्यवस्था के लिए नियमों का पालन बेहद जरूरी है। वाहन चालकों को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी और यातायात नियमों का पालन कर स्वयं के साथ-साथ दूसरों की सुरक्षा भी सुनिश्चित करनी होगी। केसीजी जिला पुलिस ने कहा है कि सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रभावी पालन के लिए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
Tags:    

Similar News