सक्ती पुलिस की बड़ी सफलता, दो चोरी के मामलों में शातिर चोर गिरफ्तार

छग

Update: 2026-05-31 15:53 GMT
Sakti. सक्ती। जिले के थाना सक्ती क्षेत्र में हुई दो अलग-अलग चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी का सामान और एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर उप जेल सक्ती भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार थाना सक्ती में अपराध क्रमांक 343/2025 और अपराध क्रमांक 88/2026 के तहत चोरी के मामले दर्ज थे। दोनों मामलों में अज्ञात आरोपी द्वारा चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया था। पुलिस अधीक्षक प्रफ्फुल कुमार ठाकुर के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल और एसडीओपी डॉ. भुनेश्वरी पैकरा के मार्गदर्शन में आरोपियों की लगातार तलाश की जा रही थी।
जांच के दौरान 31 मई 2026 को थाना स्टाफ को मुखबिर से सूचना मिली कि करोरपारा सक्ती के पास एक व्यक्ति चोरी का सामान बेचने की फिराक में मोटरसाइकिल के साथ खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम भागीरथी साहू (27 वर्ष), निवासी डूमरपाली, थाना भूपदेवपुर, जिला रायगढ़ बताया। पुलिस पूछताछ और मेमोरेण्डम बयान में आरोपी ने थाना सक्ती क्षेत्र में हुई दो चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी ने बताया कि सितंबर 2025 में उसने ग्राम हरेठी स्थित आंगनबाड़ी केंद्र की खिड़की से अंदर प्रवेश कर टीवी, टेबल पंखा, एग्जास्ट पंखा, ट्यूब लाइट और खाद्य सामग्री सहित लगभग 20 हजार रुपये का सामान चोरी किया था।
इसके अलावा जनवरी 2026 में बुधवारी बाजार क्षेत्र स्थित एक सूने मकान का ताला तोड़कर घर में रखे चांदी के सिक्के, कांसे के बर्तन और नगदी रकम चोरी करने की बात भी स्वीकार की। इस चोरी में करीब 15 हजार रुपये के सामान और नकदी की चोरी हुई थी। पूछताछ में आरोपी ने यह भी बताया कि वह उड़ीसा के बेलपहाड़ क्षेत्र से एक बिना नंबर प्लेट की लाल रंग की हीरो होंडा स्प्लेंडर मोटरसाइकिल चोरी कर लाया था। चोरी किए गए सामान को बेचने के उद्देश्य से वह सक्ती पहुंचा था, जहां पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तीन कांसे के गिलास, दो कांसे के कटोरे और एक लाल रंग की हीरो होंडा स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। सभी बरामद सामान को विधिवत जब्त कर लिया गया है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे जुआ खेलने की लत है और पैसों की जरूरत पूरी करने के लिए वह चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। पुलिस अब आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य संभावित मामलों की भी जांच कर रही है। आरोपी भागीरथी साहू को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर उप जेल सक्ती भेज दिया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक लखन लाल पटेल के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक मिथुन सुल्तान, हेमंत राठौर तथा आरक्षक दीपक बंजारे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Tags:    

Similar News