Raipur. रायपुर। शहर में आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने और कानून-व्यवस्था मजबूत करने के लिए रायपुर पुलिस के सेंट्रल जोन में एक सप्ताह तक विशेष अभियान चलाया गया। 1 सितंबर से 7 सितंबर 2026 तक चले इस अभियान में अवैध गतिविधियों, हथियार रखने वालों, फरार आरोपियों, वारंटियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान वारंटियों समेत कुल 154 लोगों को गिरफ्तार किया गया। यह विशेष अभियान डीसीपी सेंट्रल जोन तारकेश्वर पटेल और एडिशनल डीसीपी विवेक शुक्ला के सुपरविजन में सेंट्रल जोन के सभी थाना क्षेत्रों में चलाया गया। पुलिस ने अपराध नियंत्रण के साथ-साथ अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने और क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अलग-अलग स्तर पर कार्रवाई की।
अभियान के दौरान आर्म्स एक्ट के 9 प्रकरणों में 9 व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इसके अलावा आबकारी एक्ट के 3 प्रकरण दर्ज किए गए। पुलिस ने संदिग्ध और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त पाए गए 101 व्यक्तियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की। वहीं अभियान के दौरान 39 गिरफ्तार वारंटियों और 2 स्थायी वारंटियों की तामिली की गई। पुलिस के अनुसार अभियान में हथियार लेकर घूमने और अवैध रूप से हथियार रखने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई को प्राथमिकता दी गई। साथ ही अड्डेबाजी और अन्य अवैध गतिविधियों पर भी नजर रखी गई।
तेलीबांधा थाना पुलिस ने अभियान के दौरान आर्म्स एक्ट के एक प्रकरण में कार्रवाई की। इसके अलावा 5 गिरफ्तार वारंटियों को पकड़ा गया। प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के तहत धारा 170 बीएनएसएस के 30 प्रकरणों में 37 अनावेदकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
देवेंद्र नगर थाना क्षेत्र में आर्म्स एक्ट के एक प्रकरण में एक व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई हुई। पुलिस ने 4 गिरफ्तार वारंटियों को पकड़ा और प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के तहत 2 प्रकरणों में 3 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की।
सिविल लाइन थाना पुलिस ने आर्म्स एक्ट और आबकारी एक्ट के एक-एक प्रकरण में कार्रवाई की। इसके साथ ही 5 गिरफ्तार वारंटियों की तामिली की गई। प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के तहत 18 प्रकरणों में 18 व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
गोलबाजार थाना पुलिस ने आबकारी एक्ट के एक मामले में कार्रवाई करते हुए 6 गिरफ्तार वारंटियों को पकड़ा। इसके अलावा 5 व्यक्तियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
मौदहापारा थाना पुलिस ने आर्म्स एक्ट के 3 और आबकारी एक्ट के एक प्रकरण में कार्रवाई की। पुलिस ने 3 गिरफ्तार वारंटियों को पकड़ा तथा प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के तहत 13 व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की।
गंज थाना पुलिस ने आर्म्स एक्ट के एक प्रकरण में एक व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की। इसके साथ ही 2 गिरफ्तार वारंटियों को पकड़ा गया। प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के तहत 12 प्रकरणों में 13 व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
कोतवाली थाना पुलिस ने आर्म्स एक्ट के 2 प्रकरणों में 2 व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की। अभियान के दौरान 14 गिरफ्तार वारंटियों और 2 स्थायी वारंटियों की तामिली की गई। वहीं धारा 170, 126 और 135(3) बीएनएसएस के तहत 12 प्रकरणों में 12 व्यक्तियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। सेंट्रल जोन पुलिस के अनुसार अभियान का उद्देश्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के साथ वारंटियों की धरपकड़ और असामाजिक तत्वों के खिलाफ समय रहते कार्रवाई करना है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। अभियान के जरिए आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखने का प्रयास किया जा रहा है।