रायपुर में तड़के पुलिस का बड़ा अभियान, 132 हिस्ट्रीशीटर-बदमाशों की चेकिंग

छग

Update: 2026-04-12 15:51 GMT
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और आपराधिक तत्वों पर नियंत्रण के लिए रविवार तड़के सेंट्रल ज़ोन में पुलिस ने बड़ा सघन अभियान चलाया। यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त सेंट्रल ज़ोन आईपीएस उमेश प्रसाद गुप्ता और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त मध्य ज़ोन तारकेश्वर पटेल के मार्गदर्शन में की गई। अभियान में कोतवाली, गोलबाजार, मौदहापारा, गंज, सिविल लाइन, देवेंद्र नगर और तेलीबांधा थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। इस दौरान हिस्ट्रीशीटर, गुंडा-बदमाश और निगरानी बदमाशों को थानों में तलब कर उनकी परेड कराई गई तथा गतिविधियों की जांच की गई।

पुलिस ने पुराने चाकूबाजी मामलों से जुड़े आरोपियों की भी सरप्राइज चेकिंग की और उनके मौजूदा व्यवहार व गतिविधियों की जानकारी ली। साथ ही वारंटियों की तलाश के लिए अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी गई। इस अभियान में कुल 132 गुंडा और निगरानी बदमाशों की जांच की गई, जिनमें से 11 वारंटियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें 08 स्थायी वारंटी शामिल हैं। सभी आरोपियों को विधिवत कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, लगभग 28 प्रतिशत बदमाश थानों में उपस्थित होकर सत्यापन और परेड में शामिल हुए।

वहीं करीब 20 प्रतिशत बदमाश अपने निवास स्थान पर नहीं मिले और फरार पाए गए, जिनकी तलाश जारी है। लगभग 24 प्रतिशत बदमाश वर्तमान में जेल में निरुद्ध पाए गए, जबकि बाकी बदमाश अपने घरों पर मौजूद मिले और उनकी मौके पर जांच की गई। अभियान के दौरान सभी बदमाशों को सख्त चेतावनी दी गई कि वे किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि से दूर रहें और नियमित रूप से थाना हाजिरी दें। पुलिस ने उनकी पहचान सुनिश्चित करने के लिए फिंगरप्रिंट लेकर NAFIS सिस्टम में एंट्री भी की। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की सघन और नियमित कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, ताकि असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाया जा सके और आम नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
Tags:    

Similar News