कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में तेज आवाज वाले मॉडिफाइड साइलेंसरों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। दोपहिया वाहनों में अवैध रूप से लगाए गए 75 से अधिक मॉडिफाइड साइलेंसरों को पुलिस ने सोमवार को रोलर चलाकर नष्ट कर दिया। यह कार्रवाई कोड़ेजूंगा चौक पर की गई। पुलिस ने ध्वनि प्रदूषण रोकने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से यह कदम उठाया है।
सितंबर में विशेष अभियान चलाकर जब्त किए थे साइलेंसर
जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक कुमार राखेचा के निर्देश पर सितंबर महीने में जिलेभर में विशेष अभियान चलाया गया था। इस दौरान यातायात पुलिस ने दोपहिया वाहनों में लगे अवैध मॉडिफाइड साइलेंसरों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 75 से अधिक साइलेंसर जब्त किए थे। जब्त किए गए सभी साइलेंसरों को 12 अक्टूबर को कोड़ेजूंगा चौक पर लाया गया, जहां उन पर रोलर चलाकर नष्ट करने की कार्रवाई की गई।
अधिकारियों की मौजूदगी में हुई कार्रवाई
इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू मौजूद रहे। यातायात प्रभारी दीपक साव के नेतृत्व में यातायात पुलिस की टीम ने जब्त साइलेंसरों को नष्ट करवाया। पुलिस के मुताबिक, मॉडिफाइड साइलेंसरों से निकलने वाली तेज और कर्कश आवाज आम नागरिकों के लिए परेशानी का कारण बनती है। विशेष रूप से बच्चों और बुजुर्गों को इससे अधिक दिक्कत होती है।
सड़क दुर्घटनाओं का भी रहता है खतरा
पुलिस ने बताया कि अचानक तेज आवाज होने से सड़क पर चल रहे अन्य वाहन चालकों का ध्यान भटक सकता है। इससे दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है। कांकेर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले मॉडिफाइड साइलेंसरों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई है।
Tags: