पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध हेरोइन के साथ दो युवक गिरफ्तार

छग

Update: 2025-11-27 17:43 GMT
Dhamtari. धमतरी। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत धमतरी पुलिस ने अवैध हेरोइन (चिट्टा) बेचने के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से कुल 48 हजार रुपये मूल्य का माल जब्त किया गया, जिसमें 1.5 ग्राम हेरोइन, दो मोबाइल फोन, नगदी और अन्य सामान शामिल है। दोनों आरोपियों को एनडीपीएस एक्ट के तहत न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। जानकारी के अनुसार, सिटी कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि श्रीराम नगर स्थित सेन समाज भवन के पास कुछ लोग अवैध रूप से हेरोइन बेच रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपियों की घेराबंदी की। मौके पर दो युवक पकड़े गए। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1.5 ग्राम हेरोइन जब्त की।

जिसकी अनुमानित कीमत 15 हजार रुपये बताई जा रही है। इसके साथ ही पुलिस ने दो मोबाइल फोन (कीमत लगभग 27 हजार रुपये), 5,500 रुपये नगद, दो सिल्वर फाइल पेपर, पांच रेपर, एक लाइटर और एक इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन भी जब्त की। कुल जब्त की गई संपत्ति की कीमत लगभग 48 हजार रुपये आंकी गई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंबेडकर वार्ड निवासी नरेंद्र उर्फ निखिल निर्मलकर (26) पुत्र मन्नू निर्मलकर और इंद्रा नगर, नयापारा वार्ड निवासी अखिलेश उर्फ सोनू देवांगन (24) पुत्र टुमन देवांगन के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि दोनों लंबे समय से हेरोइन की बिक्री में संलिप्त थे। सिटी कोतवाली थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और उन्हें न्यायिक रिमांड पर जिला जेल धमतरी भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई जिले में चलाए जा रहे नशा उन्मूलन अभियान का हिस्सा है।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नशे की बिक्री और तस्करी पर कड़ी नजर रखी जा रही है। जिले में नशे की समस्या को समाप्त करने के लिए नियमित रूप से छापेमारी और जांच अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि कोई नशे की बिक्री या तस्करी के बारे में सूचना देता है तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि कार्रवाई समय पर की जा सके। धमतरी पुलिस की इस कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने सराहना की है। लोगों का कहना है कि नशे के खिलाफ कठोर कार्रवाई से क्षेत्र में कानून और व्यवस्था मजबूत होगी और युवाओं को इस हानिकारक आदत से दूर रखा जा सकेगा। पुलिस का कहना है कि जिले में नशे की रोकथाम के लिए निरंतर अभियान जारी रहेगा। भविष्य में भी ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई की जाएगी, ताकि धमतरी जिले को नशामुक्त रखा जा सके।
Tags:    

Similar News