बीजापुर के जंगल में बड़ा नक्सल भंडाफोड़, लांचर और जिंदा कारतूसों का जखीरा जब्त
छग
Bijapur बीजापुर: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान पुलिस और डीआरजी की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। थाना बासागुड़ा और डीआरजी की टीम ने ग्राम पेगड़ापल्ली के जंगल क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री और 50,050 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, अभियान के दौरान संदिग्ध गतिविधियों की सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने ग्राम पेगड़ापल्ली के जंगल क्षेत्र में घेराबंदी की। इस दौरान बोगम लखमू (39) निवासी चिन्नागेलूर, थाना तर्रेम को पकड़ा गया।
पूछताछ में आरोपी ने प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) संगठन के चिन्नागेलूर DAKMS सदस्य के रूप में काम करने और नक्सलियों की सामग्री व विस्फोटक को छिपाने के लिए ले जाने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस टीम ने उसकी निशानदेही और तलाशी के आधार पर विभिन्न आपत्तिजनक सामग्री बरामद की। पुलिस के मुताबिक, बरामद सामान में 01 BGL लांचर, 18 BGL सेल, 12 तीर बम, 01 हैंड ग्रेनेड, .303 के 15 जिंदा राउंड, 31 BGL कार्ट्रिज, INSAS की 01 खाली मैगजीन, बिजली वायर, 03 राउंड चार्जर और 01 ईमीटर लीड शामिल हैं। इसके अलावा आरोपी के कब्जे से 50,050 रुपये नकद भी मिले।
बरामद विस्फोटक एवं अन्य सामग्री को पुलिस ने विधिवत जब्त कर सीलबंद किया और पंचनामा तैयार किया। आरोपी के खिलाफ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक रिमांड पर न्यायालय के समक्ष पेश किया है। सुरक्षा बलों द्वारा क्षेत्र में नक्सल गतिविधियों और संदिग्ध ठिकानों की तलाश को लेकर अभियान जारी है।