रायपुर में देर रात पुलिस की बड़ी कॉम्बिंग गश्त, 130 जवानों ने संभाला मोर्चा
छग
Raipur. रायपुर। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के पश्चिम जोन में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से देर रात व्यापक कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया गया। पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप पटेल के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान में करीब 130 पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों ने संयुक्त रूप से हिस्सा लिया। अभियान के दौरान वारंटियों की गिरफ्तारी, निगरानी बदमाशों का सत्यापन और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की गई। यह विशेष अभियान 28 और 29 जून 2026 की दरम्यानी रात चलाया गया। अभियान का नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) राहुल देव शर्मा ने किया। अभियान में सहायक पुलिस आयुक्त ईशु अग्रवाल, देवांश सिंह राठौर, नवनीत पाटिल सहित पुरानी बस्ती, डी.डी. नगर, आमानाका, आजाद चौक, कबीर नगर, सरस्वती नगर, न्यू राजेंद्र नगर, मुजगहन और टिकरापारा थाना क्षेत्रों के थाना प्रभारी तथा बड़ी संख्या में पुलिस बल शामिल रहा।
अभियान शुरू होने से पहले टिकरापारा थाना परिसर में सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की ब्रीफिंग की गई। इस दौरान अपराधियों, वारंटियों, निगरानी बदमाशों और अन्य संदिग्ध व्यक्तियों के खिलाफ प्रभावी कानूनी कार्रवाई करने, संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने तथा आम नागरिकों के साथ बेहतर व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए गए। इसके बाद पुलिस की अलग-अलग टीमों ने अपने-अपने थाना क्षेत्रों में सुनियोजित तरीके से कॉम्बिंग गश्त शुरू की। अभियान के दौरान संवेदनशील इलाकों, बीएसयूपी कॉलोनियों, आरडीए कॉलोनियों, सार्वजनिक स्थानों और अपराध प्रभावित क्षेत्रों में सघन जांच की गई। थाना सरस्वती नगर क्षेत्र के कोटा इलाके में 22 संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़कर उनका सत्यापन और पूछताछ की गई।
पुलिस ने निगरानी बदमाशों और गुंडा बदमाशों के घरों पर भी दबिश दी। उनके परिजनों की मौजूदगी में बदमाशों को भविष्य में किसी भी आपराधिक गतिविधि से दूर रहने और पुलिस के बुलाने पर तुरंत उपस्थित होने की सख्त चेतावनी दी गई। कॉम्बिंग अभियान के दौरान थाना डी.डी. नगर के बीएसयूपी कॉलोनी चंगोराभाठा, टिकरापारा क्षेत्र के संजय नगर और बोरियाखुर्द स्थित आरडीए कॉलोनी, पुरानी बस्ती के भाठागांव बीएसयूपी कॉलोनी, कोटा के कृष्णा नगर, भवानी नगर और कबीर नगर सहित अन्य संवेदनशील स्थानों पर विशेष जांच अभियान चलाया गया। पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गहन जांच करते हुए आपराधिक गतिविधियों पर लगातार नजर रखी।
इस अभियान के दौरान पुलिस ने 10 स्थायी वारंट और 6 गिरफ्तारी वारंट का निष्पादन किया। साथ ही 25 निगरानी बदमाशों, 45 गुंडा बदमाशों और 2 चाकूबाजों का सत्यापन किया गया। कानून-व्यवस्था बनाए रखने और संभावित अपराधों को रोकने के लिए 20 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की गई। वहीं 22 संदिग्ध व्यक्तियों को भविष्य में अपराध से दूर रहने की कड़ी चेतावनी देकर समझाइश भी दी गई। रायपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों, वारंटियों, हिस्ट्रीशीटरों और समाज में अशांति फैलाने वाले तत्वों के खिलाफ इस तरह के कॉम्बिंग गश्त अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। पुलिस का उद्देश्य शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखना और नागरिकों को सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना है।