सिंगल यूज़ प्लास्टिक पर बड़ी कार्रवाई, दो दुकानों से 1 लाख का डिस्पोजल जब्त

छग

Update: 2026-06-16 15:52 GMT
Jagdalpur. जगदलपुर। जगदलपुर में स्वच्छता अभियान को प्रभावी बनाने और सिंगल यूज़ प्लास्टिक पर रोक को सख्ती से लागू करने के लिए नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई की है। निगम की टीम ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर शहर की दो दुकानों पर छापेमारी कर बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित डिस्पोजल सामग्री जब्त की है। नगर निगम की टीम द्वारा की गई इस कार्रवाई में दोनों दुकानों से कुल 14 कार्टन वन-टाइम यूज़ प्लास्टिक और डिस्पोजल सामग्री बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख रुपये बताई जा रही है। मौके पर मिले प्रतिबंधित सामान को जब्त कर लिया गया और दोनों दुकानदारों पर नियमानुसार कार्रवाई की गई। नगर निगम ने दोनों दुकानदारों पर 5-5 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है।

अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई पर्यावरण संरक्षण और शहर को स्वच्छ बनाए रखने के उद्देश्य से की गई है। निगम की टीम लगातार ऐसे स्थानों की निगरानी कर रही है, जहां प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री की बिक्री या उपयोग किया जा रहा है। नगर निगम सभापति लक्ष्मण झा ने कहा कि इससे पहले भी सिंगल यूज़ प्लास्टिक के खिलाफ कई बार कार्रवाई की जा चुकी है और यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक प्रदूषण को रोकने के लिए सख्ती जरूरी है और इसके लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने आम नागरिकों और व्यापारियों से अपील की है कि वे प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग और बिक्री बंद करें तथा पर्यावरण हितैषी विकल्पों को अपनाएं। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि अगर कहीं भी सिंगल यूज़ प्लास्टिक का अवैध भंडारण या बिक्री हो रही है तो इसकी सूचना तुरंत नगर निगम को दी जाए। नगर निगम का कहना है कि शहर में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने और पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देने के लिए आगे भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
Tags:    

Similar News