अवैध महुआ शराब पर बड़ी कार्रवाई, 55 लीटर शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार

छग

Update: 2026-04-24 15:33 GMT
Mungeli. मुंगेली। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना जरहागांव पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कच्ची महुआ शराब बनाने और बिक्री करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 55 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब जब्त की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 5500 रुपये बताई गई है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में की गई, जिसमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा और उप पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह के मार्गदर्शन में लगातार अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम तरकीडीह में एक व्यक्ति अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब का निर्माण कर उसकी बिक्री कर रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद साइबर सेल और थाना जरहागांव पुलिस की संयुक्त टीम को मौके पर रवाना किया गया। टीम ने तत्काल दबिश देकर आरोपी को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजेंद्र बंजारे (उम्र 35 वर्ष), निवासी ग्राम तरकीडीह थाना जरहागांव के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से भारी मात्रा में कच्ची महुआ शराब बरामद की गई, जिसे मौके पर ही जब्त कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना जरहागांव में अपराध क्रमांक 60/2026 दर्ज कर आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) और 59(क) के तहत मामला पंजीबद्ध किया है। इसके बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब निर्माण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और इस तरह की गतिविधियों में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी जरहागांव उप निरीक्षक श्रीमती शोभा यादव, उप निरीक्षक सत्येंद्र पूरी गोस्वामी (प्रभारी साइबर सेल), सहायक उप निरीक्षक लखीराम नेताम सहित थाना और साइबर सेल के स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे मामलों में लगातार निगरानी और कार्रवाई जारी रहेगी।
Tags:    

Similar News