Mahasamund. महासमुंद। जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर रोक लगाने के लिए पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत सरायपाली, बसना और सांकरा थाना क्षेत्रों में की गई अलग-अलग कार्रवाइयों में पुलिस ने कुल 75 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त की है। साथ ही परिवहन में उपयोग की गई एक बिना नंबर स्कूटी भी बरामद की गई है। कार्रवाई में कुल 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार थाना सरायपाली क्षेत्र में जोगनीपाली मोड़ के पास मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर दो युवकों को पकड़ा गया। उनके कब्जे से 60 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत लगभग 12 हजार रुपये बताई गई है। इसके साथ ही शराब परिवहन में प्रयुक्त बिना नंबर एक्टिवा स्कूटी भी जब्त की गई।

जिसकी कीमत लगभग 80 हजार रुपये आंकी गई है। आरोपियों की पहचान कुंदन तांडी (22) और करन चौहान (21) के रूप में हुई है। इसी तरह थाना बसना क्षेत्र के ग्राम ढालम में पंचायत भवन के पीछे पुलिस ने दबिश देकर प्रभात चौहान (36) को गिरफ्तार किया। उसके पास से 8 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद हुई, जिसे वह बिक्री के लिए रखे हुए था। वहीं थाना सांकरा क्षेत्र के ग्राम केसरीपुर में की गई कार्रवाई में आत्माराम पटेल (36) को पकड़ा गया। उसके किराना दुकान के पीछे से 7 लीटर महुआ शराब बरामद की गई, जिसे वह अवैध रूप से बिक्री के लिए रखे हुए था। पुलिस ने तीनों मामलों में आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। जब्त शराब और वाहन की कुल कीमत लगभग 95 हजार रुपये आंकी गई है।

महासमुंद पुलिस ने बताया कि जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स और सभी थाना क्षेत्रों की संयुक्त टीमों द्वारा लगातार दबिश दी जा रही है ताकि अवैध शराब के नेटवर्क को पूरी तरह समाप्त किया जा सके। पुलिस के अनुसार अभियान शुरू होने के बाद से अब तक कुल 23 लाख 42 हजार रुपये से अधिक मूल्य की 8369 लीटर से अधिक अवैध शराब जब्त की जा चुकी है। साथ ही 655 प्रकरणों में 741 लोगों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण और बिक्री में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी यह अभियान इसी तरह जारी रहेगा।
Tags: