जांजगीर- चांपा: जिले में अवैध शराब के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस सहायता केन्द्र कोटमीसोनार पुलिस ने ग्राम कोटमीसोनार के सबरिया डेरा में बड़ी कार्रवाई की। पुलिस को सूचना मिली थी कि सबरिया डेरा क्षेत्र में बड़ी मात्रा में कच्ची शराब तैयार की जा रही है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी, जहां जमीन में गड्ढे कर छिपाकर रखा गया लगभग 16 से 18 बोरी महुआ लहान, कच्ची शराब बनाने के बर्तन, चूल्हा, 6 नग जरकिन तथा शराब पैकिंग के लिए लगभग 300 नग सफेद झिल्ली/पाउच बरामद किए गए।
एसडीओपी अकलतरा मैखलेन्द्र प्रताप सिंह की अगुवाई में पुलिस टीम द्वारा मौके पर ही महुआ लहान एवं शराब निर्माण में प्रयुक्त सामग्री का नष्टीकरण कराया गया। नष्ट की गई सामग्री की अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपये आंकी गई है।
कोटमीसोनार क्षेत्र के सबरिया डेरा एवं धनवार डेरा क्षेत्र में कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा अवैध रूप से कच्ची शराब तैयार कर ऊंचे दामों पर बिक्री किए जाने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। इसी क्रम में पुलिस द्वारा यह कार्रवाई की गई। अवैध शराब के निर्माण एवं बिक्री के विरुद्ध कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
कार्रवाई में इनकी रही सराहनीय भूमिका
एसडीओपी अकलतरा मैखलेन्द्र प्रताप सिंह, पुलिस सहायता केन्द्र प्रभारी विनोद जाटवर, प्रधान आरक्षक तारिकेश पाण्डेय, सुधीर कुमार साहू, आरक्षक शुभम् एक्का, हमेन्द्र पाटले, जयनाथ दुग्गा, हेमंत साहू, रामकुमार नेताम एवं महिला आरक्षक रूखमणी कंवर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Tags: