अवैध रेत परिवहन पर बड़ी कार्रवाई, 4 हाईवा जब्त, गंगोटी क्षेत्र से पकड़े गए वाहन
छग
Surajpur. सूरजपुर। जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए चार हाईवा वाहनों को जब्त किया है। खनिज विभाग की टीम ने भैयाथान विकासखंड के गंगोटी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए इन वाहनों को पकड़ा। बताया गया कि सभी हाईवा में अवैध रूप से कुल 56 घन मीटर रेत का परिवहन किया जा रहा था। कलेक्टर रेना जमील के निर्देश पर जिले में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत खनिज विभाग की टीम ने क्षेत्र में जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान रेत परिवहन से जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल की गई।
जिसमें नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर चारों हाईवा वाहनों को मौके पर ही जब्त कर लिया गया। कार्रवाई के बाद सभी जब्त वाहनों को सुरक्षा के लिए बसदेई थाना पुलिस के सुपुर्द किया गया है। खनिज विभाग द्वारा मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है। विभाग अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध खनन और परिवहन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन के अनुसार, जिले में रेत के अलावा पत्थर, गिट्टी, मुरूम, मिट्टी और ईंट जैसे खनिज संसाधनों के अवैध उत्खनन और परिवहन पर भी लगातार निगरानी रखी जा रही है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ वाहन जब्ती, प्रकरण दर्ज करने और अर्थदंड लगाने जैसी कार्रवाई की जा रही है।
अधिकारियों ने बताया कि प्राकृतिक संसाधनों का अवैध दोहन रोकना प्रशासन की प्राथमिकता है। अवैध रेत परिवहन से जहां पर्यावरण को नुकसान पहुंचता है, वहीं शासन को मिलने वाले राजस्व की भी हानि होती है। इसी को देखते हुए खनिज विभाग और प्रशासनिक टीमों द्वारा लगातार क्षेत्र में गश्त और जांच की जा रही है। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध खनन या रेत परिवहन की जानकारी मिलती है तो तत्काल संबंधित विभाग को इसकी सूचना दें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी इसी तरह कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।